- परिजन पहुंचे तो खून से सनी थी मशीन, गाय का चारा काटने के लिए रिश्तेदार से लाए थे मशीन
उदयपुर। चारा काट रहे किसान की बुधवार को थ्रेसर मशीन में फंसकर कटने से मौत हो गई। भूसा धकेलने के प्रयास के दौरान किसान का आधा शरीर थ्रेसर मशीन में चला गया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। पास खड़ा मजदूर ये दृश्य देख कर सहम गया और भाग कर परिजनों को सूचना दी। घटना की खबर लगते ही परिवार में मातम पसर गया। सूचना पर रठौड़ा चौकी के हेड कॉन्स्टेबल गोपाल जोशी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
मामला बुधवार दोपहर 11.30 बजे सेमारी थाना इलाके का रठौड़ा के मेडिफला गांव का है। जैसे ही ग्रामीणों को हादसे की सूचना मिली तो मौके पर भीड़ जुट गई। परिजन इस तरह मशीन में फंसे किसान रामजी को देखकर जोर-जोर से रोने लगे। पुलिस के पहुंचने पर थ्रेसर मशीन में फंसे हुए शव को बाहर निकाला और शव सेमारी अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया। जहां शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।
भूसा अंदर धकेलने के दौरान हुआ हादसा
रठौडा चौकी हेड कॉन्स्टेबल गोपाल जोशी ने बताया, किसान रामजी (63) पुत्र धूलजी पटेल अपने खेत पर थ्रेसर मशीन से चारा निकाल रहा था। अंत में चारे का थोड़ा बहुत भूसा बचा था। किसान ने उसे भी मशीन में अंदर धकेलने के लिए उल्टा हाथ आगे बढ़ाया तो हाथ थ्रेसर मशीन में आ गया और आधा शरीर मशीन में चल गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। भतीजा पहुंचा तो पैर बाहर लटक रहे थे।
भतीजे हीरालाल ने बताया कि उसका काका गाय के लिए चारा काटने के लिए रिश्तेदार के यहां से मशीन लाए थे। उनके साथ मशीन चलाने वाला एक मजदूर भी था। हादसे के बाद मजदूर के जरिए पुलिस को सूचना मिली थी। खेत पर पहुंचकर जब यह देखा तो काका का सिर से लेकर कमर तक पूरा शरीर अंदर फंसकर कट चुका था और पैर बाहर लटके हुए थे। थ्रेसर मशीन खून से सनी हुई थी।
किसान के बेटे गुजरात में वेटर
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। किसान परिवार खेती पर निर्भर है। रामजी का बड़ा बेटा गौतम पटेल (40) और छोटा बेटा खेमराज पटेल (37) दोनों अहमदाबाद में एक होटल में वेटर का काम करते हैं।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे