पणजी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के गत 22 मई के गोवा के पहले
दौरे पर राज्य सरकार ने उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती के
अलावा 500 रूपये खर्च किए। सरकार ने विधानसभा में सोमवार को यह जानकारी दी।
पचेको ने पूछा था कि केजरीवाल के 22 मई एवं 28 जून को गोवा आने पर राज्य
सरकार ने कुल कितने रूपये खर्च किए। विधायक फ्रांसिस्को पचेको के एक सवाल
के जवाब में प्रोटोकॉल मंत्री दिलीप पारूलेकर ने कहा कि केजरीलवाल के मई
में राज्य के दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा में 82 पुलिसकर्मी तैनात किए गए
थे।
पारूलेकर ने एक लिखित जवाब में कहा, मुख्यमंत्री का हवाई अड्डे पर स्वागत
किया गया था और उन्हें विदाई दी गई थी। उन्होंने राज्य के गेस्ट हाउस में
रहने की सुविधा नहीं ली थी। राज्य सरकार ने केजरीवाल के पहले दौरे पर
उन्हें 500 रूपये का फूलों का गुलदस्ता भेंट किया था।
अपनी पहली यात्रा के दौरान केजरीवाल ने औपचारिक रूप से घोषणा की थी कि आम
आदमी पार्टी 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा का वर्ष 2017 में होने वाला चुनाव
लडेगी। अगस्त के मध्य तक केजरीवाल के फिर गोवा पहुंचने की उम्मीद है।
जून में अपनी यात्रा के दौरान केजरीवाल ने आप के गोवा संवाद कार्यक्रम के
तहत समाज के विभिन्न तबकों से बातचीत की थी। यह राजनीतिक दल के चुनावी
घोषणा पत्र की तैयारी का अभ्यास था। पारूलेकर ने कहा कि जून में केजरीवाल
की यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा व्यवस्था में 26 पुलिसकर्मी तैनात किए गए
थे।
(आईएएनएस)