सलमान खान के साथ अपनी फिल्म निरस्त हो जाने के तुरन्त बाद राजकुमार संतोषी ने अपनी अगली फिल्म की तेजी से तैयारियां शुरू कर दी, जिसका नतीजा भी जल्दी निकला है। ‘सारागढी’ के युद्ध पर बनने वाली उनकी इस ऐतिहासिक फिल्म में मुख्य भूमिका रणदीप हुड्डा निभाने जा रहे हैं। हाल ही में इस फिल्म का पहला लुक जारी हुआ है। बताया जा रहा है कि संतोषी ने रणदीप हुड्डा की ‘सरबजीत’ में एक्टिंग देखकर उन्हें अपनी मूवी के लिए चुना है।
फिल्म सारागढ़ी में बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा का पहला लुक जारी हुआ है।
फिल्म में हुड्डा हवलदार इशर सिंह की भूमिका में नजर आएंगे। मूवी 1897 में
हुई सारागढ़ी की लड़ाई पर आधारित है। यह लड़ाई नॉर्थ-वेस्ट फ्रंटियर पर
ब्रिटिश इंडियन आर्मी और अफगान लड़ाकों के बीच लड़ी गई थी। इस लड़ाई में
सभी सिख योद्धा शहीद हो गए थे, लेकिन अफगान आक्रमणकारियों को प्रवेश नहीं
करने दिया था।
सूत्रों के मुताबिक ‘सरबजीत’ स्टार हुड्डा फिल्म के लिए ट्रेनिंग लेंगे और सिखों के इतिहास के बारे में पढ़ेंगे भी ताकि वो भूमिका को अच्छे से निभा सकें। फिल्म को चंडीगढ़, पंजाब और नोर्थ इंडिया सहित कुछ अन्तर्राष्ट्रीय लोकेशन पर भी शूट किया जाएगा। इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी करने जा रहे हैं। फिल्म का निर्माण वेव सिनेमा के बैनर तले राजू चड्ढा कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग 12 सितंबर को अमृतसर के सारागढ़ी गुरुद्वारा से शुरू होगी।