चित्तौड़गढ़। एसीबी की टीम ने भदेसर थाने के कांस्टेबल सुरेश कुमार को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया है।
दरअसल मारपीट के एक आरोपी को जल्द न्यायालय में पेश करने की एवज में कांस्टेबल सुरेश कुमार ने परिवादी से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। एसीबी ने मांग का सत्यापन कराने के बाद आज ट्रेप का आयोजन किया तो कांस्टेबल सुरेश कुमार ने रिश्वत की राशि थाने के सामने स्थित होटल के संचालक कैलाश तेली को देने के लिए कहा ।
एसीबी की टीम ने पहले तो रिश्वत की राशि लेते हुए कैलाश तेली को गिरफ्तार किया और बाद में कांस्टेबल सुरेश कुमार से कैलाश तेली की बात कराई और बाद में कांस्टेबल सुरेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। कांस्टेबल सुरेश कुमार के कहने पर कैलाश तेली ने ली थी 15 हजार रुपये की रिश्वत की राशि।
फिलहाल एसीबी कैलाश तेली और कांस्टेबल सुरेश कुमार को आमने सामने बिठाकर पूछताछ कर थानाधिकारी की भूमिका को लेकर जांच कर रही है।
एसीबी के एडिशनल एसपी कैलाश सिंह सांदू ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कांस्टेबल सुरेश कुमार और कैलाश तेली को कल स्पेशल न्यायालय एसीबी उदयपुर में पेश किया जायेगा।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे