पहला टेस्ट : न्यूजीलैंड ने जिम्बाब्वे को दी करारी मात

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 01 अगस्त 2016, 1:00 PM (IST)

बुलावायो। यहां के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए दो मैच की सीरीज के पहले टेस्ट में न्यूजीलैंड ने चौथे दिन रविवार (31 जुलाई) को मेजबान जिम्बाब्वे को पारी और 117 रन से रौंद दिया। न्यूजीलैंड की ओर से नाबाद 173 रन की पारी खेलने वाले रॉस टेलर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरा टेस्ट इसी मैदान पर छह अगस्त से खेला जाएगा।

इससे पहले जिम्बाब्वे के कप्तान ग्रीम क्रेमर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। जिम्बाब्वे की टीम 77.5 ओवर में 164 रन पर ही ढेर हो गई। 10वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे डोनाल्ड टिरिपानो ने सर्वाधिक 49 रन बनाए। प्रिंस मसावुरे ने 42 और सिकंदर रजा ने 22 रन का योगदान दिया।

न्यूजीलैंड की ओर से बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नील वेगनर ने 41 रन पर छह विकेट झटके। मिशेल सेंटनेर और टिम साउथी को 2-2 विकेट मिले। जवाब में न्यूजीलैंड के लिए पहली पारी में तीन बल्लेबाजों ने शतक जमाए। कीवी टीम के कप्तान केन विलियमसन ने 166.5 ओवर में 576/6 रन पर पारी घोषित कर दी।

टेलर ने 299 गेंदों में 19 चौकों की मदद से नाबाद 173 रन की पारी खेली। विकेटकीपर ब्रायन वाटलिंग ने 172 गेंदों पर 12 चौकों की बदौलत 107 और टॉम लैथम ने 209 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से 105 रन जुटाए। विलियमसन (91) नौ रन से शतक चूक गए। मार्टिन गुप्टिल 40, हेनरी निकोलस 18 और ईश सोढ़ी 11 रन बनाकर आउट हुए। जिम्बाब्वे के छह गेंदबाजों ने 1-1 विकेट लिया।

दूसरी पारी में भी जिम्बाब्वे के बल्लेबाज ज्यादा संघर्ष नहीं कर सके और टीम 79 ओवर में 295 रन पर सिमट गई। सीन विलियमसन ने 148 गेंदों पर 21 चौकों की मदद से 119 रन जुटाए। क्रेग इरविन ने 50, रजा ने 37 और क्रेमर ने 33 रन का योगदान दिया। तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने चार और साउथी ने 2-2 विकेट चटकाए।