धमकी दरकिनार,राजनाथ जाएंगे पाक

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 01 अगस्त 2016, 12:14 PM (IST)

नई दिल्ली। आंतकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन चीफ की धमकी के बावजूद राजनाथ सिंह के पाकिस्तान दौरे में कोई बदलाव नहीं है। बता दें कि गृहमंत्री राजनाथ सिंह इस हफ्ते दक्षिण एशियाई देशों के संगठन ‘सार्क’ की बैठक में हिस्सा लेने के लिए इस्लामाबाद जाने वाले हैं। हिजबुल मुजाहिद्दीन प्रमुख सैय्यद सलाहुद्दीन ने एक रैली में सिंह को पाकिस्तान आने से रोके जाने की धमकी दी थी। सूत्रों के मुताबिक, मेजबान देश पाकिस्तान ने गृहमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी ली है।

पाकिस्तान सरकार को भी धमकी

एक रैली में हिजबुल मुजाहिद्दीन प्रमुख सैय्यद सलाहुद्दीन ने राजनाथ पर ‘कश्मीर में सेना तैनात करके मासूमों का खून बहाए जाने’ का आरोप लगाया था। सलाहुद्दीन ने पाकिस्तान सरकार को राजनाथ का स्वागत किए जाने के खिलाफ आगाह किया। इस मामले में पाकिस्तान सरकार की ओर से कोई बयान नहीं आया है। बता दें कि गृहमंत्री का यह दौरा इसलिए भी अहम है, क्योंकि हाल ही में कश्मीर के हालातों की वजह से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा हुआ है।