मोनो रेल फंसी, क्रेन से निकाले यात्री

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 01 अगस्त 2016, 09:55 AM (IST)

मुंबई। देशभर के कई राज्यों में बारिश कहीं आफत तो कहीं राहत लेकर आई है। अब भारी बारिश के चलते देश की पहली मोनो रेल मुंबई में सोमवार सुबह अचानक खराब हो गई। करीब डेढ घंटे ते ट्रैक पर रुकी मोनो रेल के अंदर तकरीबन 350 यात्री फंसे रहे। यात्रियों को बाहर निकालने के लिए क्रेन का सहारा लेने पड़ा। रेलवे प्रशासन ने सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला और राहत की सांस ली।

मुंबई में देर रात से भारी बारिश हो रही ही। इसी वजह से वडाला से चली मोनो रेल भक्ति पार्क स्टेशन के पास खराब हो गई। बताया जा रहा है कि, इंजन का पावर फेल हो जाने के कारण यह खराब हुई है।

सुबह 6.30 बजे से ट्रैक पर फंसी हुई ट्रेन को हटाने के लिए एक और मोनो रेल बुलाई गई। आपको बता दें कि देश की पहली मोनो रेल वडाला और चेंबूर के बीच चलती है। यह 19 मिनट में 8.93 किलोमीटर की दूरी को पूरा करती है।

सडक़ से 40 मिनट लगते थे। यह हर 15 मिनट के अंतराल पर चलती है। हर मोनो रेल में 4 कोच होते हैं। एक बार में इनमें 560 पैसेंजर्स ट्रेवल कर सकते हैं। इसका किराया 5 से 19 रुपए के बीच रखा गया है।