वाराणसी। स्थानीय लोकसभा सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र मोदी मंगलवार को लोकसभा चुनाव 2024 के लिए नामांकन भरेंगे। नामांकन दाखिल करने से पहले वे काल भैरव मंदिर भी जाने वाले हैं। इस बीच काल भैरव मंदिर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कांग्रेस ने उनके सामने वाराणसी से उत्तर प्रदेश प्रमुख अजय राय को मैदान में उतारा है। बता दें कि आज नामांकन भरने का आखिरी दिन है।
तय कार्यक्रम के मुताबिक नरेंद्र मोदी मंगलवार को नामांकन दाखिल करने से पहले वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में शामिल होंगे। इसके बाद वे क्रूज पर भी सवार होंगे। इससे पहले मोदी ने शनिवार को वाराणसी में रोड शो भी किया था। उनके रोड शो में काफी भीड़ देखने को मिली थी।
उन्होंने अपने रोड शो की शुरुआत बीएचयू गेट पर महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ शाम पांच बजे की थी। वह अस्सी के रास्ते गोदौलिया से होते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर शाम 7:00 बजे पहुंचे। यहां दर्शन-पूजन कर बाबा का आशीर्वाद लिया।
अन्य उम्मीदवार नहीं भर पा रहे नामांकन, आयोग को शिकायतः
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने कांग्रेस के अलावा कई अन्य उम्मीदवार बतौर निर्दलीय प्रत्याशी भाग्य आजमाना चाहते हैं। लेकिन, व्यापक स्तर पर प्रशासनिक अव्यवस्थाओं और बाधाओं के कारण वे नामांकन फार्म नहीं भर पा रहे हैं। इस संबंध में शनिवार को कॉमेडियन श्याम रंगीला ने तो बकायदा चुनाव आयोग को लिखित शिकायत भी भेजी है।
श्याम रंगीला का आरोप है कि पहले तो उन्हें नामांकन फार्म देने से ही यह कहकर मना कर दिया कि प्रस्तावकों के नाम, पते, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड लाएं। सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जब वे नामांकन भरने रिटर्निंग ऑफिसर के दफ्तर पहुंचे तो उन्हें अंदर ही नहीं घुसने दिया गया।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे