इस्लामाबाद। पाकिस्तान की मॉडल और सोशल मीडिया स्टार कंदील बलोच का गला उसके भाई ने नहीं घोंटा था। यह खुलासा पॉलीग्राफ टेस्ट में हुआ है। इससे पहले मामले के मुख्य आरोपी मोहम्मद वसीम ने माना था कि उसने अपनी 26 वर्षीय बहन का गला घोंटा है।
लेकिन, जांच में सामने आया है कि कंदील का गला भाई ने नहीं, चचेरे भाई ने घोंटा था। पॉलीग्राफ टेस्ट में भाई का दावा खारिज हो गया है।
टेस्ट के अनुसार, सोशल मीडिया स्टार को इस साल 15 जुलाई को उसके चचेरे भाई हक नवाज ने गला घोंट कर मार डाला था। जियो न्यूज की खबर में कहा गया है कि वसीम ने कंदील के हाथ और पैर पकड़े थे, जबकि हक नवाज ने उसका गला घोंटा था।
खबर में यह भी कहा गया है कि हत्या से पहले संदिग्धों ने उसे और उसके अभिभावकों को कोई नशीला पदार्थ खिला दिया था। जांच के दौरान पता चला है कि कंदील के सउदी अरब में रह रहे बड़े भाई आरिफ ने वसीम पर दबाव डाला था कि परिवार के मान सम्मान को ताक पर रखने के कारण वह बहन कंदील को मार डाले।
इसके बाद कंदील की हत्या की गई थी। गौरतलब है कि कंदील हमेशा सोशल साइट पर सक्रिय रहती थी और विवादित बयानों के कारण सुर्खियां में बनी रहती थी।