टेक्सास में गुब्बारे में आग,16 की मौत

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 31 जुलाई 2016, 11:23 AM (IST)

टेक्सास। अमेरिका के टेक्सास राज्य के लॉकहार्ट के पास शनिवार सुबह एक गर्म हवा के गुब्बारे में आग लगने से 16 लोगों की मौत हो गई। संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने एक बयान में बताया कि यह दुर्घटना स्थानीय समयनुसार सुबह 7.40 बजे हुई। एक गर्म हवा के गुब्बारे में आग लग गई। स्थानीय पुलिस ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि इस दुर्घटना में किसी के जीवित बचने की संभावना नहीं है। कॉल्डवेल काउंटी के शेरिफ डेनियल लॉन ने बताया कि जिस समय आपातकालीन सेवा का दस्ता पहुंचा उस वक्त गुब्बारे की टोकरी में आग लगी हुई थी।

उन्होंने कहा कि सभी 16 लोग गर्म हवा के गुब्बारे में सवार थे और उनकी मौत हो गई। इस गुब्बारे में आग लग गई थी और वह मध्य टैक्सास में एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में ये गुब्बारा बिजली के ऊंचे तारों के करीब से नीचे के तरफ गिरा।

गुब्बारा एक घंटे की उड़ान पर था। आधे घंटे के बाद उससे संपर्क टूट गया था। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड ने हादसे का संज्ञान ले लिया है और अब वह मामले की जांच शुरु कर देगा।

शेरिफ के कार्यालय ने कहा है कि बैलून में सवार लोगों की पहचान सुनिश्चित की जा रही है। संघीय उड्डयन प्रशासन ने ऑस्टिन से करीब 50 किलोमीटर दक्षिण में दुर्घटना होने की पुष्टि की है।