अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ की हालिया रिलीज ‘बड़े मियां छोटे मियां’ की कमाई के मामले में हालत बहुत खराब है। देशभर में यह फिल्म अब तक 100 करोड़ की भी कमाई नहीं कर पाई है, जबकि फिल्म का बजट 350 करोड़ रुपये है। मानुषी छिल्लर ने भी इस फिल्म में अहम रोल निभाया है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की खराब परफॉर्मेंस पर मानुषी छिल्लर ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
अभिनेत्री का कहना है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर चलेगी या फिर नहीं इस पर उनका बिल्कुल भी कंट्रोल नहीं है।
जूम को दिए अपने एक साक्षात्कार में मानुषी छिल्लर ने कहा, ‘एक अभिनेत्री के तौर पर आप हमेशा चाहते हैं कि आपकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म करें। आप चाहते हैं कि लोग आपको देखें, आपको पसंद करें, फिल्म को पसंद करें और उसे एंजॉय करें, लेकिन कभी-कभी ऐसा नहीं होता है जो कि पूरी तरह से सामान्य बात है। यह कुछ ऐसा है जिसे मैंने स्वीकार कर लिया है। एकमात्र चीज यह है कि मुझे अच्छा काम करना है और नई नई चीजों की तलाश करनी है। मैं चाहती हूं कि फिल्ममेकर्स मुझे स्क्रीन पर काम करते हुए देखते रहें और मुझे लगता है कि यही मेरी सीख है।
अपने
साक्षात्कार में उन्होंने आगे कहा, ‘बॉक्स ऑफिस नंबर्स एक ऐसी चीज है, जिस पर एक एक्टर के तौर पर आपका कोई कंट्रोल नहीं होता है, इसलिए जिस चीज पर मेरा कंट्रोल नहीं है मैं उसके बारे में ज्यादा नहीं सोचती हूं।’ मालूम हो कि मानुषी छिल्लर ‘बड़े मियां छोटे मियां’ से पहले कई फिल्मों में काम कर चुकी हैं, जिसमें ‘सम्राट पृथ्वीराज’, ‘द ग्रेट इंडियन फैमिली’ और ‘ऑपरेशन वेलेंटाइन’ शामिल हैं। ये सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही हैं।
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बडे़ मियां छोटे मियां’ देशभर में अब तक 100 करोड के आंकड़े को भी नहीं छू पाई है। 11 दिनों में फिल्म ने सिर्फ 55.55 करोड़ का बिजनेस किया है। इस तरह बॉक्स ऑफिस पर ‘बड़े मियां छोटे मियां’ की हालत का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस फिल्म का निर्देशन अली अब्बास जफर ने किया है। वहीं, टाइगर श्रॉफ और अक्षय कुमार के अलावा सोनाक्षी सिन्हा, अलाया एफ भी नजर आई हैं।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे