कोसी-सीमांचल में बाढ़ से 40 की मौत

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 29 जुलाई 2016, 10:16 PM (IST)

भागलपुर। कोसी और सीमांचल में बाढ़ का कहर शुक्रवार को भी जारी रहा। विभिन्न जिलों से 13 और लोगों की मौत की सूचना के बाद इस साल आई बाढ में अबतक 40 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच नदियों का पानी स्थिर होने के बाद कटाव में तेजी आई है। पिछले 24 घंटों में पूर्णिया में सात, किशनगंज में एक, कटिहार में तीन और अररिया में दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। हालांकि कहा जा रहा है कि क्षेत्र में उफनाई नदियों के तेवर नरम पडे हैं। पूर्वी कोसी तटबंध के 10 किमी स्पर पर नदी का दबाव बरकरार है। स्पर का नोज दो मीटर के आसपास धंस गया है। 26 जुलाई को भी जलस्तर में वृद्धि के बाद नोज धंस गया था जिसको पाटने का प्रयास जारी है। अगर यह स्पर टूटता है तो इसका सबसे ज्यादा असर राघोपुर प्रखंड में होगा। राहत की बात यह है कि यह स्पर 4.15 मीटर लंबा है जो नदी को तटबंध से दूर धकेल रहा है।


सहरसा में कोसी तटबंध के अंदर अवस्थित क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति अब भी यथावत बनी हुई है। नवहट्टा, महिषी व सलखुआ प्रखंड के दर्जनों गांवों में घरों में दो से तीन फीट तक पानी जमा है। संपर्क पथ टूटने से लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड रहा है। किशनगंज जिले में बाढ की विनाशलीला के बाद अब नदियों का जलस्तर घटने लगा है। शुक्रवार को 9वें दिन भी लोग राहत शिविरों से अपने घर नहीं लौटे और राहत शिविरों में कैंप किये हुए हैं। गुरूवार शाम कोचाधामन के खानकाह टोला में डूबने से हांडीभाषा निवासी इस्माइल के 8 वर्षीय पुत्र मसरूर आलम की मौत हो गई।


पूर्णिया जिले में नदियों के तेवर नरम पडे हैं लेकिन यहां सात लोगों की डूबने से मौत हो गयी। महानंदा, कनकई और परमान का जलस्तर आज स्थिर रहा। कटिहार के दस प्रखंडों में आई बाढ से अब तक 324 गांवप्रभावित हैं। शुक्रवार को पानी में डूबने से तीन लोगों की मौत हो गई।