प्रेमी के सामने ही किया गैंगरेप, बनाया अश्लील वीडियो

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 29 जुलाई 2016, 10:05 AM (IST)

गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह में नाबालिग आदिवासी छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म और एमएमएस बनाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्रा ने चार युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। सभी आरोपी युवक बेंगाबाद थाना क्षेत्र के सोनबाद के रहनेवाले हैं। गुरुवार को इस मामले को लेकर जमकर हंगामा हुआ। संदेह पर सोनबाद के एक युवक की जमकर पिटाई की गई। उसे तब छोड़ा गया, जब पीडि़ता ने उसकी पहचान नहीं की। हालांकि इसके बाद सोनबाद के लोगों ने भी निर्दोष की पिटाई के विरोध में सडक़ जाम कर दी। आदिवासी समाज ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 72 घंटे का अल्टीमेटम पुलिस को दिया है। अगर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आदिवासी समाज द्वारा सभी आरोपियों को खोजकर निकाला जाएगा और दंडित किया जाएगा।

पीडि़ता गिरिडीह के एक कॉलेज में पढ़ती है। उसकी उम्र लगभग 17 साल है। वह स्थानीय आदिवासी छात्रावास में रहकर पढ़ाई करती है। पीडिता के मुताबिक बुधवार को वह दोस्त भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के रमनी के प्रेम सुंदर मरांडी के साथ कॉलेज स्थित छात्रावास गई थी।

छात्रावास से वह उसी के साथ बाइक पर पचंबा की ओर जा रही थी। तभी दोपहर 1.30 बजे पीछे से बाइक पर चार युवकों ने उसकी बाइक को घेर लिया। युवकों ने उन्हें पकड़ लिया तथा प्रेम सुंदर मरांडी के साथ मारपीट की।

फिर निर्वस्त्र कर वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। पीडि़ता का कहना है कि चारों आरोपियों ने युवक पर उसके साथ संबंध बनाने का दबाव बनाया। इसके बाद चारों ने उसके दोस्त को बांध दिया और उसे जंगल की ओर घसीटकर ले गए।

फिर चारों दरिंदों ने बारी-बारी से गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। पीडि़ता का कहना है कि उसका एमएमएस भी बनाया गया तथा धमकी दी कि अगर किसी को जानकारी दी तो वीडियो इंटरनेट पर डाल कर उसे बदनाम कर दिया जाएगा।

बुधवार को कई घंटे तक लोक-लाज के कारण उसने किसी को कुछ नहीं बताया। बाद में उसने छात्रावास की लड़कियों को जानकारी दी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।