2 रु. को लेकर ऑटो चालक से झगडा, युवक की मौत

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 28 जुलाई 2016, 2:32 PM (IST)

मुंबई। दो रुपये को लेकर एक ऑटो चालक के साथ शुरू हुए विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि एक 26 वर्षीय युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। हुआ यूं कि पीडि़त चेतन अचरेकर गोवा से हवाई यात्रा मुंबई के एक हवाईअड्डे उतरा और बाहर आ कर घर जाने के लिए ऑटो रिक्शा में सवार हो गया।
विक्रोली के गोदरेज कॉलोनी स्थित अपने निवास पहुंचने पर अचरेकर से ऑटो चालक कमलेश गुप्ता ने 172 रुपये किराया मांगा और दो रुपये छुट्टा देने की मांग की या आठ रुपये न देने की शर्त रखी। इस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और अचरेकर छुट्टा लाने के लिए उपरी मंजिल पर अपने घर गया। छुट्टा देने के बावजूद ऑटो चालक गुप्ता ने कथित रूप से पूरे रूपये नहीं लौटाए।

इस बीच अचरेकर के पिता नीचे उतरे और अचरेकर से शेष आठ रुपये भूल जाने को कहा, लेकिन ऑटो चालक ने उन्हें गाली दी और ऑटो लेकर भाग निकला। इस पर अचरेकर को गुस्सा आ गया। अचरेकर ने ऑटो का पीछा किया और चलती अवस्था में ही ऑटो का रॉड किसी तरह पकड़ लिया, लेकिन अचानक ऑटो असंतुलित हो गया और पलट गया।
ऑटो रिक्शा पलटकर अचरेकर के शरीर पर गिरा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसे अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। अचरेकर के पिता घटना को देख रहे थे, लेकिन अपने पुत्र को बचाने के लिए कुछ नहीं कर सके।

बाद में उन्होंने विक्रोली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस ने ऑटो चालक गुप्ता को तुरंत दबोच लिया और उसे गैर इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया, जो हत्या के बराबर नहीं है। एक अधिकारी ने कहा कि गुप्ता को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है और उसे ठाणे जेल में रखा गया है। अचरेकर ने हाल में प्रबंधन में स्नातक की उपाधि हासिल की थी और साक्षात्कार के लिए गोवा गया था।

(आईएएनएस)