स्वातंत्र्य वीर सावरकर को पहले दिन नहीं मिले दर्शक, समीक्षकों ने की तारीफ

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 23 मार्च 2024, 1:54 PM (IST)

रणदीप हुड्डा अपनी बहुचर्चित और बहुप्रतीक्षित फिल्म 'स्वातंत्र्य वीर सावरकर' को लेकर काफी आशान्वित थे। वे फिल्म का जमकर प्रमोशन कर रहे थे। फिल्म के प्रदर्शन से एक दिन पूर्व ही उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट पर जबरदस्त बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन वाली फोटो भी दिखाई थी, जिसमें वे हड्डियों के ढांचे के रूप में नजर आ रहे थे। लोग उनका यह रूप देख चौंक गए और उन्हें पहचानना भी मुश्किल हो रहा था। रणदीप ने किरदार में जान डालने के लिए 26 किलो वजन भी घटाया था। फिल्म 22 मार्च को सिनेमाघरों में पहुँची।
दर्शकों को इस तरह की फिल्मों में कोई रुचि नहीं रही है। यह बात एक दर्शक के तौर पर हम आसानी से कह सकते हैं। अंदाजा था फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर असफलता का सामना करना पड़ेगा और यही हुआ है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की शुरुआत काफी खराब रही है। फिल्म पूरे दिन दर्शकों के लिए तरसती नजर आई। पहले दिन की कमाई के शुरुआती आंकड़े आ गए हैं। बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के अनुसार फिल्म ने मात्र 1.15 करोड़ रुपए कमाए। हालांकि क्रिटिक्स की तरफ से इस मूवी को अच्छा रिस्पोंस मिला है। बॉक्स ऑफिस पर नजर रखने वालों का मानना है कि यह शनिवार और रविवार को अपने कारोबार में सुधार कर सकती है।
रणदीप ने इस फिल्म के जरिए निर्देशन की दुनिया में भी कदम रखा है। इस बायोपिक में रणदीप क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर के रोल में हैं। ‘बिग बॉस 17’ फेम एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे ने उनकी पत्नी यमुनाबाई सावरकर का किरदार निभाया है। फिल्म करीब 20 से 25 करोड़ में बनी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे