आप विधायक करतार सिंह पर IT रेड

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 27 जुलाई 2016, 11:43 AM (IST)

नई दिल्ली। आप के विधायक एक के बाद एक मुसीबत में फंसते जा रहे हैं। दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल सरकार के एक और विधायक पर मुसीबतों की रेड पड़ी है। आयकर विभाग ने बुधवार सुबह दक्षिण दिल्ली के छतरपुर से विधायक करतार सिंह तंवर के घर-दफ्तर और फार्म हाउस पर छापेमारी की है। आयकर का यह छापा सिर्फ करतार सिंह के फॉर्म हाउस पर ही नहीं, बल्कि छतरपुर में रहने वाले पांच अन्य लोगों को ठिकानों पर भी पड़ा है। करतार समेत सभी पांच लोग प्रोपर्टी से जुड़े व्यवसायी हैं। हाल ही में महिलाओं के अभद्रता की शिकायतों में आप विधायकों के घिरने के बीच आयकर विभाग की छह्वापेमारी का यह पहला मामला सामने आया है। आप नेता दिलीप पांडे ने बुधवार सुबह ट्वीट कर करतार सिंह के फॉर्म हाउस पर छापेमारी की पुष्टि की।

जानकारी के मुताबिक, इनकम टैक्स के अधिकारी सुबह 8:30 बजे विधायक के आवास पहुंचे। दिल्ली में 11 जगहों पर आयकर विभाग सर्च ऑपरेशन कर रही है, जिसमें 100 से अधिक अधिकारी जुटे हुए हैं। विधायक से आयकर अधिकारी उनके आवास पर पूछताछ कर रहे हैं। करतार सिंह तंवर की 20 कंपनियां हैं, जो जांच के दायरे में हैं।

अपने ही विभाग के अधिकारी से बदसलूकी के आरोपों में घिरे परिवहन मंत्री सत्येंद्र जैन ने छापेमारी को लेकर केंद्र और भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, ‘आईबी, सीबीआई, ईडी सबको लगा दिया हुआ है, यह तो शुरूआत भर है। मेरा निवेदन है कि सबको अलग से भर्ती कर लें, इस काम के लिए।’ उन्होंने आगे कहा, दिल्ली पुलिस को सुरक्षा का इंतजाम रखना चाहिए। राजधानी में रेप, चोरी, डकैती हो रही है।

दिल्ली की जनता से पूछिए अगर आसानी से एफआईआर हो जाए, एक ही तरीका है- अगर उसके आगे आप का नेता लिख दिया जाए तो एफआईआर हो जाएगी। गुजरात मॉडल दिल्ली को नहीं देश को दिखा रहे हैं, जो आवाज उठेगी उसे दबा दिया जाएगा। ये लोग वही दिल्ली में भी कर रहे हैं। वहीं पांडे ने भी छापेमारी पर तंज कसते हुए कहा कि हर दिन एक विधायक को पकडऩे की नीति पर चल रही है मोदी सरकार। हम न तो डरेंगे, ना ही झुकेंगे।