अब बदल जाएगी रेलकर्मियों की यूनिफॉर्म

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 27 जुलाई 2016, 08:49 AM (IST)

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे में लगातार नए बदलाव देखने को मिल रहे है। ऐसा लगता है कि भारतीय रेलवे को अलग कलेवर देने के लिए रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने कमर कस ली है। इसी कडी में फैशन डिजाइनर रितु बेरी ने रेलकर्मियों के यूनिफॉर्म के डिजाइन के लिए भारतीय संस्कृति और मूल्यों पर आधारित चार थीम की पेशकश की है। अगर ऐसा होता है तो जल्द ही रेलकर्मियों की ड्रेस में बदलाव देखने को मिलेगा। रेल मंत्रालय ने रितु बेरी को रेलकर्मियों के लिए नए यूनिफॉर्म डिजाइन करने की जिम्मेदारी सौंपी है। ये पूरी कवायद इसी साल पूरी कर लिए जाने की कोशिश है।



मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि नए यूनिफॉर्म का उद्देश्य रेलकर्मियों में गौरव की भावना जगाना है। बेरी ने जो पहली थीम की पेशकश की है वह आदिवासी कला से संबंधित भारत के मूल्यों पर आधारित है। दूसरी विषय-वस्तु देश के स्वर्णिम दौर के सिक्के और मुद्रा पर आधारित है जबकि तीसरी, नवाबों की विरासत पर आधारित है। रेल मंत्री सुरेश प्रभु की योजना अब यूनियन सहित हितधारकों से परामर्श करने की है।

इन कर्मचारियों की बदल जाएगी ड्रेस

1. स्टेशन मास्टर
2. टीटीई
3. टिकट बुकिंग स्टाफ
4. रेलवे गार्ड
5. इंजन ड्राइवर
6. रेलगाड़ी में सफर करने वाला स्टाफ
7. स्टेशन पर काम करने वाला स्टाफ
8. भारतीय रेलवे के सभी अफसर

कुलियों की भी बदली जाएगी ड्रेस

इन सभी कर्मचारियों के अलावा भारतीय रेलवे की पहचान बन चुकी कुलियों की लाल रंग की पोशाक भी बदली जाएगी। मोदी सरकार कुलियों की इस ड्रेस को अंग्रेजों की गुलामी की देन मानती है। कुलियों को एक बेहतरीन और आजाद भारत की पहचान वाली ड्रेस देने पर भी रितु बेरी विचार कर रही हैं।