टाइगर के बाद सुनील शेट्टी के बेटे को लांच करेंगे साजिद

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 26 जुलाई 2016, 7:25 PM (IST)

बॉलीवुड में साजिद नाडियाडवाला ऐसे निर्माता के तौर पर जाने जाते हैं जो अपने बैनर तले नए सितारों को मौका देते हैं। दो साल पहले जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर को अपने बैनर से लांच करने के बाद अब वे बॉलीवुड के माचोमैन रहे सुनील शेट्टी के बेटे को लांच करने जा रहे हैं। उन्होंने सुनील शेट्टी के बेटे अहान को अपने बैनर की तीन फिल्मों के लिए एक साथ साइन किया है।


हालांकि पहले समाचार आ रहे थे कि सुनील शेट्टी के बेटे को सलमान लांच करेंगे। उनकी बेटी अथिया शेट्टी को सलमान खान ने ‘हीरो’ के जरिये लांच किया था। फिल्म असफल रही और अथिया लगभग एक वर्ष से खाली बैठी हैं।


साजिद नाडियाडवाला ने उन्हें एक साथ तीन फिल्मों की डील के लिए साइन किया है। साजिद भी आजकल आदित्य चोपडा के पदचिह्नों पर चल रहे हैं। वे अपने बैनर से लांच होने वाले अभिनेता, निर्देशक से तीन फिल्मों का करार करते हैं।


इस करार के तहत वे उन्हें इस बंधन से मुक्त रखते हैं कि वे सिर्फ उनके बैनर की फिल्में करेंगे किसी और की नहीं। ने एक-दो नहीं बल्कि पूरी तीन फिल्मों के लिए साइन किया है। अहान के लिए पटकथा को अन्तिम रूप दिया जा रहा है। सम्भावना व्यक्त की जा रही है कि साजिद अहान के साथ बनने वाली फिल्मों की घोषणा सम्भवत: आगामी माह में कर देंगे।