फ्रांस:चर्च में पादरी की हत्या,2 हमलावर ढेर,IS का हाथ

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 26 जुलाई 2016, 6:49 PM (IST)

पेरिस। उत्तरी फ्रांस के नॉरमैंडी में मंगलवार को दो हमलावरों ने एक चर्च में लोगों को बंधक बना लिया और पुलिस कार्रवाई में मारे जाने से पहले बंधक बनाये गये एक पादरी की गला काटकर हत्या कर दी। जांच आतंक रोधी इकाई को सौंप दी गई है।

इस हमले के पीछे भी आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट का नाम आ रहा है। फ्रांस के राष्ट्रपति ओस्वां ओलांद ने मंगलवार को कहा कि चर्च पर हमला करने वाले दोनों हमलावरों के आईएस से संबंधित होने के दावे सामने आए हैं। फ्रांस्वा ओलांद ने आईएस के लिए दाएश शब्द का इस्तेमाल किया। यह इस्लामिक स्टेट का अरबी नाम है। ओलांद ने इसे नीच आतंकवादी हमला कहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार लगता है कि पादरी का धारदार हथियार से गला काटा गया। आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता पियरे हेनरी ब्रेंडेट ने बताया कि जैसे ही दोनों हमलावर चर्च से बाहर निकले, एलिट फोर्स ने इन्हें मार गिराया। फ्रांस के प्रधानमंत्री मैन्युअल वाल्स ने हमले को बर्बरतापूर्ण करार देते हुए इसे कैथोलिक और पूरे फ्रांस के लिए बडा झटका करार दिया है। उन्होंने टि्वटर पर कहा कि दुख के इस मौके पर हम सब साथ हैं।


यूरोप में हाल में हुए हमलों में फ्रांस की इस घटना को ताजा कडी के तौर पर देखा जा रहा है। यह हमला फ्रांस के ही नीस में राष्ट्रीय दिवस का जश्न मना रहे लोगों को ट्रक से कुचलने की घटना के करीब 12 दिन बाद हुआ है। नीस की घटना में 80 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। आतंकी संगठन आईएसआईएस ने नीस हमले की जिम्मेदारी ली थी। नॉरमैंडी टाउन में हुए मंगलवार के हमले में चाकूधारी दो लोगों ने हमला बोलते हुए पांच लोगों को बंधक बना लिया।