- जिला कलक्टर नमित मेहता का नवाचार
भीलवाड़ा । राजकीय विद्यालयों में अध्ययन का स्तर सुधारने, स्वच्छता को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को स्वस्थ रखने के उद्देश्य से जिला कलक्टर नमित मेहता द्वारा नवाचार किया गया है। इसी नवाचार के तहत मेरा विद्यालय स्वच्छ विद्यालय-स्वस्थ विद्यालय अभियान का आगाज गुरूवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजेन्द्र मार्ग परिसर से किया गया। जिला कलक्टर मेहता ने अभियान के पोस्टर का विमोचन कर इस मुहिम की शुरूआत की है। इस अभियान के माध्यम से जिले के 1881 राजकीय विद्यालय तथा जिले की आंगनबाड़ियों की लगभग 3 लाख से अधिक बालक-बालिकाएं लाभान्वित होगी।
प्रत्येक शनिवार से नो बेग डे के साथ-साथ मेरा विद्यालय स्वच्छ विद्यालय-स्वस्थ विद्यालय अभियान के तहत विद्यालय एवं आंगनबाड़ियों में स्वच्छता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। गतिविधियों के आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा कैलेंडर जारी किया जाएगा। अभियान के शुभारम्भ मौके पर जिला कलक्टर ने कहा कि मेरा विद्यालय स्वच्छ विद्यालय - स्वस्थ विद्यालय अभियान की शुरूआत एक मुहिम के तौर पर शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि सभी राजकीय विद्यालय में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य तथा स्वच्छता पर ध्यान केन्द्रित कर तथा विद्यार्थियों के आसपास के वातावरण को इस तर्ज पर सुधार करें, उस स्तर तक लेकर जाए ताकि राजकीय विद्यालय किसी भी निजी विद्यालय से पीछे नहीं रहे व राजकीय विद्यालयों को आदर्श बनाया जा सके।
जिला कलक्टर ने कहा कि इस अभियान की सफलता में शिक्षकों का विशेष सहयोग रहेगा। जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वयं व आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने की अच्छी आदत को जीवन में विकसित करें ,स्वयं का स्वास्थ्य व साफ-सफाई से रहना महत्वपूर्ण है।
अभियान का उद्देश्य-
जिला कलक्टर ने बताया कि जिले के समस्त राजकीय विद्यालयों में नवाचार के तहत स्वच्छ विद्यालय-स्वस्थ विद्यालय अभियान का उद्देश्य शैक्षणिक गुणवत्ता, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के वातावरण का निर्माण करना है। इसके अतिरिक्त विद्यालय में इन आदतों के प्रति विद्यार्थियो और अभिभावको की जागरूकता में वृद्धि करना, आमजन एवं भामाशाह को इस अभियान से जोडकर विद्यालयो में सहयोग के लिए प्रेरित करना व स्वच्छ एवं स्वस्थ परिवेश से राजकीय विद्यालयो में नामांकन अभिवृद्धि एवं विद्यार्थियो के ठहराव में वृद्धि करना व विद्यालयो के सौन्दर्यीकरण को बढ़ावा अभियान का मुख्य उद्देश्य है। इस अवसर पर विद्यालय में पौधारोपण कर हरित विद्यालय तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
यह है घटक
अभियान के अंतर्गत स्वच्छता, पेयजल (जलसुधा), प्लास्टिक मुक्त विद्यालय (बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट), स्वस्थ विद्यार्थी, हरित विद्यालय प्रमुख घटक है। स्वच्छ-सुंदर परिसर, स्वच्छ शौचालय तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ विद्यार्थी हो। विद्यार्थियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो, विद्यालय के स्टोरेज टैंक की नियमित साफ-सफाई एवं तिथि का अंकन, विद्यार्थियों को घर से पानी की बोतल लाने हेतु प्रेरित किया जाएगा। विद्यालयों में वाटर प्यूरीफायर की स्थापना की जाएगी। साथ ही प्लास्टिक एवं अन्य वेस्ट से विद्यालय के सौंदर्यीकरण को बढावा दिया जाएगा व कचरा प्रबंधन किया जाएगा। विद्यार्थी स्वस्थ हो इसके लिए विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण व उपचार किया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय में किचन गार्डन एवं हरित उद्यान विकसित होगा।
इस दौरान उपखंड अधिकारी आव्हाद नि.सोमनाथ,जिला शिक्षा अधिकारी योगेश चन्द्र पारीक,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मुश्ताक खान,सहायक परियोजना समन्वयक दिनेश कुमार कोली, प्रधानाचार्य श्याम लाल खटीक,राजकुमार आंचलिया सहित अन्य उपस्थित थें।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे