J&K : 17 दिन बाद कर्फ्यू हटा, इंटरनेट सेवा भी बहाल

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 26 जुलाई 2016, 10:47 AM (IST)

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में 17 दिन बाद लोगों का जीवन पटरी पर लौटने लगा है। आज श्रीनगर शहर के सभी हिस्सों से कर्फ्यू हटा दिया गया है। यह जानकारी जिला मैजिस्ट्रेट ने दी है। आपको बता दे कि हिजबुल मुजाहिद्दीन के कमांडर बुरहान वानी के मारे जाने के बाद जारी विरोध प्रदर्शन से कश्मीर घाटी में अशांत फैली हुई थी।

वहीं, इससे पहले जम्मू क्षेत्र में 16 दिनों बाद मंगलवार को मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, संभागीय प्रशासन ने जम्मू क्षेत्र में मोबाइल इंटरनेट सेवा के स्थगन की सोमवार को समीक्षा की, जिसके बाद इसे मध्यरात्रि से बहाल करने का निर्णय लिया गया। कश्मीर घाटी में व्याप्त तनाव व हिंसा के बाद 10 जुलाई से ही जम्मू क्षेत्र में मोबाइल इंटरनेट सेवा स्थगित कर दी गई थी।

वानी के मारे जाने के बाद घाटी में फैले असंतोष में 47 लोग मारे गए थे और करीब 5500 लोग घायल हुए थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, जिले में लोगों की आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं है, हालांकि घाटी के कुछ अन्य इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 4 से ज्यादा लोगों के एकजुट दिखने या एक साथ बाहर निकलने पर पाबंदी है। अनंतनाग को छोड़ कश्मीर के सभी हिस्सों से कर्फ्यू हटा लिया गया है।

मंगलवार को 18वें दिन नागरिकों की हत्या के खिलाफ अलगाववादियों द्वारा हड़ताल बुलाए जाने के कारण घाटी में मोबाइल फोन, मोबाइल इंटरनेट सेवाओं और ट्रेन सेवाओं पर प्रतिबंध जारी है, स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थान बंद रखे गए हैं। अलगाववादियों पहले ही दोपहर 2 बजे से हड़ताल में ढील का ऐलान किया है। अलगाववादियों ने 27 जुलाई से 29 जुलाई तक के बंद का आह्वान किया है।