एएन-32 विमान का नहीं कोई सुराग

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 25 जुलाई 2016, 6:34 PM (IST)

नई दिल्ली। शुक्रवार को लापता हुए भारतीय वायुसेना के एएन-32 विमान के मलबे का चौथे दिन सोमवार तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। यह जानकारी ईस्ट कोस्ट गार्ड के आईजी ने साझा की है। कोस्ट गार्ड के आईजी राजन बरगोटरा ने कहा हम सर्च एरिया को बदलते रहेंगे। इमरजेंसी लोकेटर ट्रांसमिटर या बीकन से कोई सिगनल नहीं मिला जो सर्च को आसान कर सकता था।

गौरतलब है कि ईएलटी के सिगनल को सैटेलाइट पकड लेता है जिससे लापता प्लेन को ढूंढने का इलाका और सीमित किया जा सकता है। वायु सेना, नौसेना और कोस्ट गार्ड के अधिकारी कह चुके हैं कि तलाश जारी है और पनडुब्बी के साथ पानी के अंदर की खोज कल से शुरू की जा सकती है। लापता एएन-32 प्लेन का खोज अभियान सप्ताहांत में भी अस्थिर समुद्र और मॉनसून के बादलों की वजह से बाधित होता रहा। बता दें, यह विमान शुक्रवार को लापता हो गया था और इसमें 29 लोग सवार थे। सैटेलाइट से हासिल तस्वीरों में कुछ चीज तैरते दिखने की ओर संकेत किया गया है, लेकिन अब तक ऎसा कुछ नहीं मिला है।

रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, स्वदेशी सैटेलाइट ने संभावित तैरती हुई वस्तु की ओर इशारा किया है। इस क्षेत्र में जहाजों और विमान की मदद से सघन खोज अभियान छेडा गया है लेकिन अभी तक कोई नतीजा सामने नहीं आया है। इस बीच एयरफोर्स प्रशासन ने तमिलनाडु पुलिस को लापता विमान के बारे में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।

विमान ने शुक्रवार को चेन्नई के नजदीक तांबरम एयरबेस से सुबह 8.30 बजे उडान भरी थी और इसे 11.45 बजे पोर्ट ब्लेयर पहुंचना था। लेकिन करीब 9.12 बजे यह रडार से गायब हुआ था। टेक ऑफ के करीब 16 मिनट बाद 8.46 बजे इसका अंतिम रेडियो संपर्क हुआ था, इस समय पायलट ने सारी चीजें सामान्य होने की बात कही थी। एयर फोर्स और नेवी के अधिकारियों ने कहा है कि तलाश जारी है लेकिन अब तक किसी तरह के मलबे के बारे में जानकारी नहीं मिली है।

लापता विमान की खोज में नौसेना के 12 युद्धपोत, कोस्टगार्ड के चार जहाज, एक पनडुब्बी और 17 विमान तलाशी अभियान में लगाये गये हैं। चेन्नई से करीब 300 किलोमीटर दूर, जहां से विमान के रडार से अंतिम बार संपर्क टूटा था वहां पर अब मौसम थोडा सा सुधरा है लेकिन समुद्र में अब भी भारी हलचल है।