कश्मीर हासिल करने का ख्वाब छोड़ दे पाकिस्तान: गुलाम नबी

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 25 जुलाई 2016, 4:23 PM (IST)

नई दिल्ली/लखनऊ। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की पाकिस्तान को फटकार के बाद अब, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भी पाकिस्तान को आइना दिखाया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने पाकिस्तान को चेताया है उसको कश्मीर हासिल करने का ख्वाब देखना बंद कर देना चाहिए। मुल्क के नाम पर जो भी बचा है, उसी की रक्षा करें।

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से उन्होंने कहा कि उनके पास मुल्क के नाम पर जो भी बचा है, उसी की रक्षा करें। कांग्रेस की ‘27 साल यूपी बेहाल’ यात्रा को लेकर शाहजहांपुर पहुंचे आजाद ने यहां संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जबाब में कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ कश्मीर को पाने का सपना देखना बंद करें। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी हुक्मरानों ने कश्मीर को पाने की कोशिश में अपने देश के दो टुकड़े कर बांग्लादेश जरूर बनवा दिया और भारत की एक इंच जमीन भी नहीं ले पाये। शरीफ को सलाह है कि पाकिस्तान के नाम पर उनके पास जो भी बचा है उसकी रक्षा करें।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नफरत के इस माहौल में कांग्रेस अपनी यात्रा के जरिये दिलों को जोडऩे पहुंची है। भाजपा सपा और बसपा जनता को धर्म और जाति के आधार पर बांट रही है। इस कारण प्रदेश विकास के मामले में काफी पिछड़ गया है। आजाद ने कहा कि भाजपा नेता कहते थे कि केन्द्र में सरकार बनने पर विदेशी बैंकों में जमा काला धन वापस लाया जाएगा, लेकिन दो साल गुजर जाने के बाद भी काले धन का अता-पता नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर ने आरोप लगाया कि पिछले 27 वर्षों में सूबे का माहौल काफी बिगड़ चुका है। अब उत्तर प्रदेश की जनता को सोचना होगा कि राज्य को विकास और सौहाद्र्र के रास्ते पर कौन ले जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस प्रदेश विधानसभा चुनाव में किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी।