श्रीलंका के खिलाफ खेलने को फिट हुआ यह दिग्गज

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 25 जुलाई 2016, 12:30 PM (IST)

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के विस्फोटक ओपनर डेविड वार्नर श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने के लिए तैयार हो गए हैं। वार्नर को फिट घोषित कर दिया गया है और माना जा रहा है कि उन्हें 26 जुलाई से शुरू होने वाले पहले टेस्ट में खेलने का मौका मिलेगा।

वार्नर को पिछले महीने वेस्टइंडीज में त्रिकोणीय वनडे सीरीज के दौरान अंगुली में चोट लगी थी जिसके बाद उनके टेस्ट सीरीज में खेलने पर संदेह था। इससे पहले वार्नर की उसी अंगुली पर इंग्लैंड दौरे पर तेज गेंदबाज स्टीवन फिन की गेंद पर पिछले साल चोट लगी थी।

वार्नर चोट की वजह से 18 से 20 जुलाई के बीच हुए श्रीलंका एकादश के खिलाफ 4 दिवसीय अभ्यास मैच में नहीं खेल सके थे। ऑस्ट्रेलियाई उपकप्तान वार्नर नेट सेशन के दौरान अंगुली पर टेप लगाकर अभ्यास करते दिखे। वार्नर ने कहा कि फिलहाल मेरी अंगुली ठीक है, कभी हल्की चोट लगती है तो दर्द होता है।

ऐसा पहले भी होता रहा है और मैं गार्ड लगाकर खेलता रहा हूं और आगे भी ऐसा करूंगा। ऑस्ट्रेलियाई टीम श्रीलंका में 3 टेस्ट, 5 वनडे और 3 टी20 मैच खेलेगी। वार्नर को ऑस्ट्रेलिया से बाहर विदेशी धरती पर शतक लगाए करीब दो साल हो गए हैं। वार्नर ने विदेशी धरती पर अंतिम बार अक्टूबर 2014 में दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में शतक जड़ा था।

उल्लेखनीय है कि वार्नर की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद ने इसी साल आईपीएल-9 का खिताब जीता था। इस टी20 टूर्नामेंट में वार्नर ने गजब की बल्लेबाजी की थी और कंगारुओं को उम्मीद है कि वार्नर इस फॉर्म को जारी रखेंगे। वार्नर 51 टेस्ट में 4506, 74 वनडे में 2702 और 61 टी20 मुकाबलों में 1633 रन बना चुके हैं।