जयपुर। अयोध्या के राममंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर 22 जनवरी को राजस्थान में बूचड़खाने और मांस-मछली एवं मीट की दुकानें बंद रहेंगी। इस संबंध में राज्य सरकार के निर्णय के तहत स्वायत्त शासन निदेशालय ने आदेश जारी किए हैं।
स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक सुरेश ओला की ओऱ से जारी परिपत्र में सभी नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं आयुक्तों को पाबंद किया गया है कि वे इस आदेश का सख्ती से पालन कराएं।
उल्लेखनीय है कि 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को देशभर में दीपावली उत्सव के तौर पर मनाया जा रहा है। इस दिन केंद्र सरकार ने देश में और राजस्थान सरकार ने प्रदेश में आधे दिन की छुट्टी घोषित की है।
इस दौरान राज्य सहकारी बैंक और सरकारी कार्यालयों में भी आधे दिन यानि दोपहर 2 बजे तक अवकाश रहेगा। इस दिन शहरवासियों द्वारा अपने प्रतिष्ठानों और घरों पर आकर्षक रोशनी, सजावट के साथ-साथ घरों पर घी के दीए जलाए जाएंगे। आंगन में रंगोली बनाकर भगवान श्रीराम का स्वागत किया जाएगा।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे