नेटफ्लिक्स पर प्रदर्शित हो सकती है मैरी क्रिसमस, लागत निकलना मुश्किल

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 16 जनवरी 2024, 12:38 PM (IST)

कैटरीना कैफ और विजय सेतुपति की फिल्म मैरी क्रिसमस हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म ने 12 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक दी है। फिल्म को क्रिटिक और ऑडियन्स के मिक्स रिव्यू मिले हैं। श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी मैरी क्रिसमस से आलोचक बहुत ज्यादा प्रभावित हुए हैं, लेकिन यह फिल्म दर्शकों के समझ से बाहर साबित हुई है, जिसके चलते यह बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा पा रही है। इसके चलते इस फिल्म की लागत निकलना भी सम्भव नजर नहीं आ रहा है। 60 करोड़ की लागत में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर चार दिन में सिर्फ 11.38 करोड़ का कारोबार किया है।

सिने गलियारों में बहती ठंडी हवाओं ने बताया है कि फिल्म की असफलता को देखते हुए अब इसे जल्द ही ओटीटी प्लेटफार्म पर स्ट्रीम करने की तैयारी की जा रही है। प्राप्त समाचारों के अनुसार श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी मैरी क्रिसमस को ओटीटी प्लेटफार्म नेटफि्लक्स ने खरीद लिया है। नेटफ्लिक्स जल्द ही इसके स्ट्रीमिंग की तारीख जारी कर सकता है। हालांकि नेटफि्लक्स की ओर से मैरी क्रिसमस को लेकर अभी तक कोई भी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

मैरी क्रिसमस के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात की जाए तो इसका बहुत ही बुरा हाल है। फिल्म ने पहले दिन 2.55 करोड़ का कलेक्शन किया था। चार दिन में फिल्म 11.38 करोड़ का ही बिजनेस कर पाई है। ये फिल्म 60 करोड़ के बजट में बनीं है जिसे पूरा करना मुश्किल होने वाला है।

मैरी क्रिसमस में कैटरीना कैफ और विजय सेतुपति के साथ टीनू आनंद, संजय कपूर और विनय पाठक अहम किरदार निभाते नजर आए हैं। फिल्म में राधिका आप्टे का कैमियो है। इसे बदलापुर और अंधाधुन के डायरेक्टर श्रीराम राघवन ने डायरेक्ट किया है।

फिल्म की कहानी की बात करें तो ये एक मर्डर मिस्ट्री है। फिल्म में एक रात की कहानी दिखाई गई है, जिसमें मारिया और एल्बर्ट को एक-दूसरे से प्यार हो जाता है।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे