प्रत्यूषा के फरार BF की तलाश में पुलिस

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 25 जुलाई 2016, 09:25 AM (IST)

मुंबई। बालिका वधू फेम प्रत्यूषा बनर्जी की मौत मामले में आरोपी ब्वॉयफ्रेंड राहुल राज सिंह चार्जशीट दाखिल होने के बाद से ही फरार है। मुंबई पुलिस आरोपी राहुल राज की तलाश में जुटी हुई है। एक एंटरटेनमेंट वेबसाइट की खबर के मुताबिक कोर्ट ने राहुल की बेल खारिज कर दी। इस हाल में उन्हें 30 जुलाई को कोर्ट में पेश होना पड़ेगा। लेकिन राहुल का फोन स्विच ऑफ है और लोकेशन भी अनट्रेसेबल है।

रिपोर्ट में पुलिस के सूत्रों के हवाले से बताया गया कि जब पुलिस टीम तलाशी में राहुल के अपार्टमेंट पहुंची तो वहां घर पर ताला लटका मिला। वर्सोवा पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर किरण काले के मुताबिक, अगर राहुल मिलता है तो उसे तुरंत अरेस्ट किया जाएगा।

पिछले हफ्ते कोर्ट ने इस मामले में राहुल की एंटिसिपेटरी बेल खारिज कर दी थी। इसके बाद से ही वे गायब बताए जा रहा है। चार्जशीट में प्रत्यूषा के साथ मारपीट का भी जिक्र है। पुलिस ने 45 गवाहों के दर्ज बयान भी कोर्ट में पेश किए हैं।

प्रत्यूषा-राहुल राज के बीच आखिरी बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पेश की है। राहुल की दोस्त सलोनी शर्मा, प्रत्यूषा की मां और प्रत्यूषा के इनकम टैक्स रिटर्न का ब्योरा भी पेश किया गया है। जिस दिन चार्जशीट पेश की गई थी उस वक्त कोर्ट में राहुल भी मौजूद था।

गौरतलब है कि राहुल पर प्रत्यूषा को सुसाइड के लिए उकसाने, धमकी देने और परेशान करने का आरोप लगा है। एक अप्रैल को मुंबई में प्रत्यूषा की लाश उसके फ्लैट पर पंखे से लटकी मिली थी।