नई दिल्ली। भारत के जेवेलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है। नीरज पहले भारतीय एथलीट हैं जिन्होंने अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। हरियाणा के पानीपत से खांद्रा गांव के मूल निवासी नीरज ने 86.48 मीटर भाला फेंक कर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया।
पोलैंड के बेंगॉजी में आयोजित अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में 18 साल के नीरज
ने इससे पहले के विश्व रिकॉर्ड 84.69 मीटर से करीब दो मीटर ज्यादा दूर
भाला फेंक कर इतिहास रचा। नीरज से पहले किसी भारतीय एथलीट ने विश्व स्तर पर
स्वर्ण नहीं जीता था। इसी साल साउथ एशियन गेम्स में नीरज ने 82.23 मीटर का
रिकॉर्ड बनाया था।
विश्व रिकॉर्ड बनाने के बाद संवाददाताओं से बातचीत
करते हुए नीरज ने कहा कि जब मेरे हाथ से दूसरी बार भाला निकला, तभी मुझे
एहसास हो गया कि ये बहुत ही स्पेशल थ्रो था। हालांकि मैंने नहीं सोचा था कि
ये 86 मीटर से ज्यादा चला जाएगा। पिछले कई महीनों से मैं अपनी फिटनेस और
तकनीक पर काम कर रहा था और आज मुझे इसका फल मिल गया।
नीरज पहले थ्रो में
सिर्फ 79.66 मीटर ही फेंक पाए, लेकिन दूसरे थ्रो में 86.48 मीटर फेंककर
उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों को काफी पीछे छोड़ दिया। हालांकि तीसरे थ्रो
में वे फिर से लय से भटक गए। इस प्रयास में वे 78.36 मीटर दूर तक ही भाला
फेंक पाए। नीरज इससे पहले रियो के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाए थे लेकिन उनके
नए रिकॉर्ड के चलते वे आठवें पायदान पर आ गए हैं।
नीरज ने इससे पहले गुवाहाटी में दक्षिण एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। नीरज से पहले सीमा अंतिल (2002) और नवजोत कौर (2014) ने विश्व जूनियर चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीते थे। लॉन्ग जंपर अंजू बॉबी जॉर्ज इकलौती भारतीय हैं जिन्होंने सीनियर विश्व चैंपियनशिप में मैडल जीता है। उन्होंने 2003 में कांस्य जीता था।