हेडकॉंस्टेबल परीक्षा::PM मोदी भी परीक्षार्थी

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 23 जुलाई 2016, 2:52 PM (IST)

नई दिल्ली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में हेड कांस्टेबल के लिए 15 जुलाई को आयोजित हुई परीक्षा के अभ्यर्थियों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल थी। इसके लिए बाकायदा उनका प्रवेश पत्र जारी किया गया है, जिसमें उनके नाम के साथ उनकी तस्वीर भी लगी है। हालांकि वह यह परीक्षा देने नहीं गए। अब अधिकारी कह रहे हैं कि यह किसी ने शरारत की है।
रामपुर में 15 जुलाई को आयोजित हुई सीआरपीएफ की भर्ती परीक्षा के लिए यह प्रवेश पत्र जारी किया गया था। इसमें मोदी का नाम, पता, तस्वीर के साथ रोल नंबर भी दिया गया है।

नाम और तस्वीर पीएम मोदी की है लेकिन जन्म तारीख 18 अक्टूबर 1992 दर्ज है। जो जानकारी फॉर्म भरने वाले ने अपने बारे में दी है उसके मुताबिक वह अमृतसर के समरई गांव का रहने वाला है। 15 जुलाई को हुई परीक्षा में इस रोल नंबर से कोई उम्मीदवार परीक्षा देने नही आया। अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद प्रवेश पत्र को रद्द कर दिया गया है। सीआरपीएफ के मुताबिक, ऑनलाइन होने की वजह से ऐसी गलती हुई। लेकिन जल्द ही इस हरकत को अंजाम देने वाले को पकड़ लिया जाएगा।