कर्नाटक में दंपति संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 13 दिसम्बर 2023, 2:49 PM (IST)

उडुपी (कर्नाटक) । कर्नाटक के उडुपी जिले में एक समाज-सेवी व्यक्ति और उनकी पत्नी अपने आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि मृतकों की पहचान 68 वर्षीय लीलाधर शेट्टी और 58 वर्षीय वसुंधरा शेट्टी के रूप में की गई है। दंपति के शव कापू कस्बे में उनके आवास पर लटके हुए पाए गए।

लीलाधर शेट्टी एक प्रसिद्ध कलाकार थे और उन्होंने रंगतरंगा थिएटर समूह की स्थापना की थी। उन्हें लीलान्ना के नाम से जाना जाता था। इस जोड़े को समाज में उनके योगदान के लिए कई पुरस्कार भी मिले थे।

पुलिस को संदेह है कि दोनों ने आत्महत्या की होगी और दंपति द्वारा यह कदम उठाने का कारण पारिवारिक विवाद हो सकता है। सूत्रों ने यह भी बताया कि पुलिस को दंपति द्वारा लिखा गया एक सुसाइड नोट भी मिला है।

पुलिस ने इस पर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। घटना मंगलवार देर रात की है। सूत्रों ने बताया कि कापू पुलिस जांच में जुट गई है। अधिक जानकारी का इंतजार है।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे