ब्रिटेन से कोहिनूर हीरा भारत लाने के प्रयास तेज

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 23 जुलाई 2016, 09:15 AM (IST)

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार का मिशन कोहिनूर एक बार फिर शुरू होगा। कुछ महीने पहले सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि वह ब्रिटेन से कोहिनूर हीरा वापस नहीं ला सकती। लेकिन अब पीएम मोदी के निर्देश के बाद इस बारे में नए सिरे से कोशिश शुरू किए जाने के संकेत है। फिलहाल कोहिनूर टावर ऑफ लंदन में प्रदर्शित राजमुकुट में लगा है।
सूत्रों ने बताया कि एक उच्च स्तरीय बैठक में इस आशय का फैसला किया गया। बैठक में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और संस्कृति मंत्री महेश शर्मा, कैबिनेट सचिव पी के सिन्हा एवं अन्य ने हिस्सा लिया। इस मुद्दे पर अगले महीने ब्रिटेन से संपर्क किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार बैठक में ब्रिटेन के साथ एक संधि करने की संभावना पर भी चर्चा की गयी। इस संधि के दौरान ब्रिटेन को यह आश्वासन दिया जा सकता है कि भारत कोहिनूर को छोडकर किसी अन्य प्राचीन कलाकृति पर दावा नहीं करेगा जो उस देश के संग्रहालयों में हैं।

सूत्रों ने बताया कि यह बैठक 45 मिनट से अधिक देर तक चली जो ब्रिटेन से 108 कैरेट के इस हीरे को वापस लाने के लिए कदम उठाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदेश पर बुलायी गयी थी। उच्चतम न्यायालय कोहिनूर को वापस लाने के मुद्दे से जुडे मामले की सुनवाई कर रहा है। बैठक में शीर्ष अदालत के सामने अपनाए जाने वाले रुख पर भी चर्चा की गयी। अदालत ने सरकार से पूछा था कि क्या वह कोहिनूर पर दावा करने को इच्छुक है।