बेबी का प्रीक्वल, लेकिन अक्षय का क्या. . . .

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 22 जुलाई 2016, 11:09 PM (IST)

इन दिनों सफल फिल्मों के सीक्वल बनना तो आम बात हो गई है लेकिन इन सफल फिल्मों के प्रीक्वल बनना बॉलीवुड में एक नया शगल हो गया है। पिछले दिनों समाचार था की अरबाज खान अपनी हिट फिल्म दबंग का तीसरा संस्करण बनाने जा रहे हैं जो आगे की कहानी न होकर उसका प्रीक्वल होगा जिसमें दिखाया जाएगा कि कैसे चुलबुल, चुलबुल पांडे बना।

ताजा समाचारों के अनुसार अक्षय कुमार के पसन्दीदा निर्देशक नीरज पांडे अपनी हिट फिल्म ‘बेबी’ को आगे बढाने जा रहे हैं। उनकी यह फिल्म भी सीक्वल न होकर प्रीक्वल होगी, जिससे में यह बताया जाएगा कि कैसे मिशन बेबी की शुरूआत की गई।

जब से खबरें थीं कि नीरज पांडे अपनी धमाकेदार फिल्म बेबी का प्रीक्वल लेकर आ रहे हैं फैन्स बहुत एक्साइटेड थे। नीरज पांडे की इस फिल्म को फैन्स ने काफी पसंद किया था और दूसरा कारण था पाकिस्तान के खिलाफ खुलकर दो टूक बात करना। बहरहाल, अगर ताज़ा खबरों की मानें तो फिल्म तो बन रही है लेकिन उसमें मेन लीड अक्षय कुमार नहीं होंगे। अक्षय कुमार फिल्म में केवल कैमियो करेंगे।

दरअसल, फिल्म होगी बेबी का प्रीक्वल। यानि बेबी बनने के पहले की कहानी। गौरतलब है कि फिल्म में बेबी, अक्षय कुमार के मिशन का नाम होता है, जो 5 रॉ एजेंट्स को चुनकर बनाया जाता है। इस मिशन का हर इंसान खुफिया जि़ंदगी बिताता था। तो अब बेबी 2 की कहानी बेबी के बनने के पहले की होगी। इसलिए ज़ाहिर सी बात है कि अक्षय पूरी फिल्म का हिस्सा नहीं हो सकते।

हालांकि अभी तक इन खबरों की पुष्टि किसी ने नहीं की है और इसे महज़ अफवाह ही माना जा रहा है। अक्षय फैन्स तो उम्मीद लगाकर भी बैठे हैं कि ये खबर केवल अफवाह हो, क्योंकि अक्षय कुमार को वापस बेबी इफेक्ट में देखने के लिए फैन्स काफी एक्साइटेड थे। लेकिन अगर खबर सच है, तो फैन्स को केवल अक्षय कुमार के कैमियो से काम चलाना पड़ेगा। वहीं कैमियो की बात करें तो अक्षय कुमार वरूण धवन और जॉन अब्राहम स्टारर ढिशूम में भी कैमियो करते नजर आएंगे।