महिलाएं एक दूसरे की मदद करें:अल्वा

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 21 जुलाई 2016, 7:46 PM (IST)

जयपुर। राजस्थान की पूर्व राज्यपाल मार्गरेट अल्वा ने कहा कि लक्ष्य को पाने के लिये महिलाओं के एकजुट होने का समय आ गया है। महिलाओं को आपस में एक दूसरे की मदद करनी चाहिए।

अल्वा ने गुरूवार को जयपुर में फिक्की फ्र्लो-जयपुर द्वारा आयोजित "द शी फैक्टर" कार्यक्रम में कहा कि अधिकतर महिलाएं नहीं चाहती हैं कि दूसरी महिला आगे बढे। उन्होंने बीते जमाने के एक घटनाक्रम को याद करते हुए कहा, 32 साल की उम्र में, मेरे राज्यसभा पहुंचने पर इंदिरा गांधी ने पार्टी के लिये काम करने को कहा। मैंने इंदिरा गांधी के कहे अनुसार महिलाओं को राजनीति में लाना शुरू किया, इसपर इंदिरा गांधी ने मुझसे सवाल किया, तुम क्या कर रही हो, ये तुम्हें छोडकर आगे निकल जाएंगी। मैंने कहा अगर आगे जा सकती हैं तो जाने दीजिये। अल्वा ने कहा कि महिला मतदाता आगे आ रही हैं। इससे एक संदेश मिल रहा है कि महिलाओं ने अब एकजुटता दिखाना शुरू कर दिया है।

कार्यक्रम के बाद अल्वा ने संवाददाताओं से बातचीत में एक प्रश्न के जवाब में कहा, आज के कार्यक्रम में सास-बहू की बात हुई है। अब जमाना बदल गया है, सास बहू अब एक साथ बैठ बातचीत कर सकती है। अल्वा ने कहा कि जब उन्होंने अपने पोते से कंप्यूटर चलाना सिखाने को कहा तो पोते ने कहा, यू आर टू ओल्ड टू लर्न... यह आपके बस का नहीं है... तो मंैने उसी दिन से छोड दिया। मैं कंप्यूटर से काम नहीं लेती। मैंने पोते की राय मान ली। नयी दुनिया है, नयी सोच है, मैं उससे भी खुश हूं।