साप्ताहिक कॉलमः दीवारों के कान

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 05 नवम्बर 2023, 07:22 AM (IST)

भाजपा को जिलाध्यक्ष ने दिया विरोध का बयानाः
आम तौर पर नेताओं का यह कहते सुना जाता है कि मैं पार्टी का सच्चा सिपाही और अनुशासित कार्यकर्ता हूं। लेकिन, बात जब चुनाव में टिकट की आती है तो वही लोग अनुशासनहीनता और पार्टी के प्रति बेवफाई पर उतर आते हैं। अब भरतपुर जिले को ही ले लीजिए। मौजूदा जिलाध्यक्ष ऋषि बंसल ही बगावत पर उतर आए हैं। दरअसल, उनकी पत्नी ऋतु बनावत बयाना विधानसभा सीट से भाजपा का टिकट मांग रही थीं। लेकिन, पार्टी ने इस बार उनका टिकट काटकर पूर्व विधायक बच्चू बंसीवाल को दे दिय़ा है। पिछली बार ऋतु बनावत की वजह से बच्चू बंशीवाल का टिकट कटा था। यही वजह रही कि ऋतु बनावत ने बयाना से शनिवार को बतौर निर्दलीय प्रत्याशी फार्म भर दिया। यह उनका लगातार तीसरा चुनाव है। वे पिछले दो चुनाव हार चुकी हैं। कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि ऋतु बनावत भाजपा के इंटरनल सर्वे में हार रही थीं। इसलिए उनका टिकट कटा है। लेकिन, ऋतु ने चुनावी हार नहीं मानी है। फैसला अब अंतिम फैसला भाजपा को करना है।

चित्तौड़गढ़ में अब चच्चा बन गए चंद्रभानः
भाजपा में टिकटों का विरोध अभी थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कडी में जब विद्याधर नगर वाले राजवी साहब को चित्तौड़गढ़ भेजा गया तो वहां उनका विरोध और जोर पकड़ गया। प्रदेशाध्यक्ष जी के ना केवल पुतले जले बल्कि पोस्टर तक कुचले गए। राजवी साहब भी सब सिखाने की बातें करने लगे। लेकिन, नामांकन भरने के बाद जब चुनाव जीतने की बात आई तो राजवी साहब ने तुरंत अपने विरोधी चंद्रभान को चच्चा बना लिया। बोले-चंद्रभान तो मेरे चच्चा जैसे हैं। यह आखिरी चुनाव है, यहां से जीतकर जाऊंगा और सबक सिखाकर भी जाऊंगा। बाकी तो सब ठीक है, लेकिन राजवी साहब की सबक सिखाने वाली बात कार्यकर्ताओं को हजम नहीं हो रही है। क्योंकि भाजपा तो संस्कार वाली पार्टी है, उसमें इस तरह की भाषा शोभा नहीं देती है। इससे चच्चा नाराज हो गए तो फिर क्या बनेगा।

ईडी के छापे और जेल से चुनाव लड़ने की तैयारीः
लगता है जेल से चुनाव जीतने वाला दौर फिर से शुरू हो रहा है। हालांकि यह दौर करीब 1 दशक पहले खत्म हो गया है। लेकिन, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान से तो ऐसा ही लगता है। उन्होंने कहा था कि चुनाव के मौके पर अगर ईडी उन्हें जेल में भी डाल दे तो भी वे जेल से चुनाव जीतकर आएंगे। लगता है ईडी डोटासरा जी की यह इच्छा भी जल्द पूरी करने वाली है। उनके दो बेटों को तो नोटिस दे दिया है। अब आशंका व्यक्त की जा रही है कि कहीं केजरीवाल की तरह ईडी डोटासरा को चुनाव कैंपेन के दौरान ही ना बुलाकर बिठा ले। इस बात की आशंका इसलिए भी ज्यादा बढ़ गई है क्योंकि डोटासरा जी की सरकार ने ईडी के एक अधिकारी को अपने यहां जो बिठा लिया है। ईडी के उस अधिकारी पर भी भ्रष्टाचार का ही आरोप लगाया है। मतलब, कांग्रेस सरकार यह साबित करना चाहती है कि हमाम में ईडी भी……..है।


चर्चाओं में आने का भजनदार चुनावी फंडाः
राजस्थान विधानसभा चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। प्रत्याशी चर्चाओं में आने के लिए अलग-अलग तरह के फंडे अपना रहे हैं। इनमें सांगानेर वाले भजनलाल जी ज्यादा चर्चाओं में हैं। हों भी क्यों ना क्षेत्र नया है, वोटर नए हैं और कार्यकर्ता भी नए हैं। अधिकतम मतदाताओं तक मैसेज कैसे पहुंचे इसके लिए कुछ तो फंडा अपनाना ही पड़ेगा। सो, उनके साथ लगे कार्यकर्ता ही उन्हें फेमस करने में जुटे हैं। भजन लाल के साथ पहले दिन भरतपुर से कनेक्शन रखने वाले प्रमोद शर्मा नजर आए। जिन्हें कुछ समय पहले तत्कालीन डीआईजी के बंगले से फोन करके पैसे मंगवाने के मामले में एसीबी ने पकड़ा था। अब नामांकन में भाजपा से जुड़े एक ऐसे पदाधिकारी नजर आए जिन पर टिकट के एक दावेदार ने पैसे लेने के सार्वजनिक आरोप लगाए। आरोप लगाने वाले दावेदार का वीडियो जमकर वायरल हुआ। यह वीडियो प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व तक भी पहुंचा है। खैर, इस मामले में कार्रवाई हो या ना हो। लेकिन, भजनलाल तो चर्चित हो ही रहे हैं। ऐसा भजनदार आइडिया फेमस होने के लिए और किसी के पास कहां मिलेगा।

दामों में भारी कमी का लाभ उठाकर आशीष प्राप्त करेंः
सोशल मीडिया भी कमाल की चीज है। नई-पुरानी चीजें कहीं न कहीं से घूम-घूम कर आ ही जाती हैं। इसी कड़ी में इन दिनों मालवीय नगर विधानसभा की एक पोस्ट जमकर वायरल हो रही है। इसमें दावा किया जा रहा है कि तबादलों और अन्य कामों की एडवांस बुकिंग करवा लें। क्योंकि स्टॉक क्लियरेंस की तरह इसमें भी दामों में भारी कमी चल रही है। इसमें खास तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं को टारगेट किया जा रहा है। इससे पहले भाजपा के कुछ नेता अपने ही प्रत्याशी का खुलकर विरोध जता चुके हैं। इधर, प्रत्याशी कालीचरण के समर्थकों का कहना है कि विरोध के बहाने ही सही, कम से कम एक बात तो तय है कि विरोधियों ने जीत तो मान ही ली है। कुछ समय की बात है विरोध करने वाले भी साथ ही खड़े नजर आएंगे।


-खास खबरी



(नोटः इस कॉलम में हर सप्ताह खबरों के अंदर की खबर, शासन-प्रशासन की खास चर्चाएं प्रकाशित की जाती हैं)

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे