ऋषि चिंतन: धन नीति पूर्वक ही कमाइए

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 02 नवम्बर 2023, 3:04 PM (IST)

पैसे में रचनात्मक शक्ति है, उसके द्वारा कितने ही उपयोगी कार्य हो सकते हैं और सदुद्देश्यों की पूर्ति में सहायता मिल सकती है। पर साथ ही यह भी न भूल जाना चाहिए कि उसकी मारक शक्ति उससे भी बढ़ी चढ़ी है।


धन का महत्त्व तभी है जब वह नीतिपूर्वक कमाया गया हो और सदुद्देश्यों के लिए उचित मात्रा में खरच किया गया हो। अनीति से कमाया तो जा सकता है, जिन लोगों के द्वारा वह कमाया गया है, जिनका शोषण या उत्पीड़न हुआ है, उनका विक्षोभ सारी मानव सभ्यता के लिए घातक परिणाम उत्पन्न करता है। शोषित एवं उत्पीड़ित व्यक्ति जब देखते हैं कि उन्हें ठगा या सताया गया है और जिसने सताया या ठगा है वह मौज कर रहा है तो उनका मन आस्तिकता एवं नैतिकता के प्रति विद्रोह भावना से भर जाता है।



यह विक्षोभ धर्म और ईश्वर पर से विश्वास डिगा सकता है और उस स्थिति में पड़ा हुआ मनुष्य अपने ढंग से, अपने से छोटों के साथ दुर्व्यवहार आरंभ कर सकता है। इस प्रकार बुराई की बेल बढ़ती है। और उसके विषैले फल संसार में अनेकों प्रकार के दुष्परिणाम पैदा करते हैं। इस प्रकार फली हुई दुष्प्रवृत्तियों का कोई परिणाम उस पर भी हो सकता है, जिसने अनीतिपूर्वक किसी का शोषण किया था।




बुराई से केवल बुराई बढ़ती है। धन यदि बुरे माध्यम से कमाया गया है तो उसका खरच भी उचित रीति से नहीं हो सकता। जिसने पसीना बहाकर गाढ़ी कमाई से पैसा कमाया है, उसे खरच करते समय दरद लगेगा और बार-बार सोचेगा कि इसे किस कार्य के लिए कितनी मात्रा में खरच करना उचित है? किंतु, जिसने बिना परिश्रम, धूर्ततापूर्वक कमाया है, उसके लिए निरर्थक कामों में बहुत कुछ खरच कर डालना भी बुरा न लगेगा। सच बात तो यह है कि हराम की कमाई आडंबर बनाने, ढोंग रचने और विलासिता के प्रसाधन जमा करने में ही खरच होती है। अनेकों व्यसन ऐसे लोगों के पीछे पड़ जाते हैं, जिनमें वह धन तो बरबाद होता ही है, साथ ही शरीर और मन को अस्त-व्यस्त कर देने वाली अनकों बुराइयाँ भी अपने भीतर पैदा हो जाती हैं जिनके कारण अनेकों विपत्तियों और व्यथाओं का सामना करना पड़ता है। इस प्रकार वह अनुचित कमाई अपना क्षणिक चमत्कार दिखाकर अंततः मनुष्य के भविष्य को अंधकारमय बनाने वाली ही सिद्ध होती है। धन बल से मनुष्यता रौंदी न जाए पृष्ठ-3 पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे