वर्ष 2023 का अंतिम सूर्यग्रहण आज, सूतक काल मान्य नहीं, गर्भवती महिलाएँ रखें ध्यान

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 14 अक्टूबर 2023, 09:21 AM (IST)

वैदिक पंचांग के अनुसार समय- समय पर सूर्य और चंद्र ग्रहण पड़ते हैं, जिसका प्रभाव मावन जीवन और देश- दुनिया पर पड़ता है। सूर्य ग्रहण हमेशा अमावस्या पर पड़ता है। वर्ष 2023 साल का अंतिम सूर्य ग्रहण आज (14 अक्टूबर) को लगने जा रहा है। सूर्य ग्रहण तब पड़ता है जब सूर्य और पृथ्वी के बीच में चंद्रमा आ जाता है तब चांद के पीछे सूर्य का बिंब कुछ समय के लिए पूरी तरह से ढक जाता है। इस प्रक्रिया को ही सूर्य ग्रहण लगना कहते हैं। भारत में यह ग्रहण दिखाई नहीं देगा।

साल का दूसरा सूर्यग्रहण अश्विन माह की अमावस्या तिथि यानि 14 अक्टूबर को रात 8 बजकर 34 मिनट पर लगेगा और मध्य रात्रि 02:25 पर समाप्त होगा। इस ग्रहण को लेकर लोगों में तरह -तरह के विचार आ रहे हैं। लेकिन इस दिन पितृ और शनि अमावस्या का भी संयोग बन रहा है। इसलिए इस दिन का महत्व और भी बढ़ गया है। दूसरी ओर 28 अक्टूबर को चंद्र ग्रहण पड़ने जा रहा है। ज्योतिष के अनुसार एक महीने में दो ग्रहण लगना शुभ नहीं माना जा रहा है। जिसका प्रभाव धरती पर प्राकृतिक आपदा, भूकंप, महामारी, सुनामी, बड़े देशों में युद्ध की स्थिति के रूप में देखा जा रहा है।

गर्भवती महिलाओं का रखना चाहिए ध्यान


हालांकि इस ग्रहण का सूतक काल मान्य नहीं है, लेकिन ग्रहण के समय प्रेगनेंट महिलाओं को कुछ चीजों का पालन करना चाहिए। ग्रहण के दौरान घर के बाहर नहीं जाना चाहिए, किसी भी तरह से ग्रहण की छाया से खुद को दूर रखें। इस दिन प्रेगनेंट महिलाओं को न सूर्य के सामने जाना चाहिए और न ही इसके दर्शन करने चाहिए। ग्रहण के समय भोजन भी नहीं किया जाता है, इस समय भगवान का जाप करना चाहिए और पेट पर गेरु आदि लगाकर रखा चाहिए। इस समय सब्जी आदि नहीं काटनी चाहिए और तेज धारदार हथियार का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। ग्रहण के सूतक के समय बच्चे, वृद्ध, गर्भवती महिला, एवं रोगी को यथानुकूल खाना अथवा दवा लेने में कोई दोष नहीं लगता है।

इन जगह दिखाई देगा सूर्यग्रहण


ज्योतिष अनुसार जब भी सूर्य ग्रहण पड़ता है, तो ये जरूरी नहीं है कि उसका प्रभाव पूरी पृथ्वी पर पड़े। इसलिए इस साल का दूसरा सूर्यग्रहण दक्षिण अमेरिका के क्षेत्रों को छोड़कर उत्तरी अमेरिका, कनाडा, ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड, ग्वाटेमाला, मैक्सिको, अर्जेटीना, कोलंबिया, क्यूबा, बारबाडोस, पेरु, उरुग्वे, एंटीगुआ, वेनेजुएला, जमैका, हैती, पराग्वे, ब्राजील, डोमिनिका, बहामास, आदि जगहों पर दिखाई देगा।

जानिए सूतक काल का समय


भारत में यह ग्रहण दिखाई नहीं देगा। इसलिए सूतक काल मान्य नहीं होंगे। इसलिए ग्रहण के दौरान भारत में रहने वाले सभी लोगों के लिए सामान्य दिनचर्या होगी। वैसे सूर्य ग्रहण के सूतक 12 घंटे पहले शुरू हो जाते हैं और जब तक सूर्य ग्रहण रहता है तब तक रहते हैं।



आलेख में दी गई जानकारियों को लेकर हम यह दावा नहीं करते कि यह पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं। इन्हें अपनाने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।



ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे