सोल। उत्तर कोरिया ने मंगलवार को अपने पूर्वी तट से तीन बैलस्टिक मिसाइलों का परीक्षण किया, जिसने लगभग छह सौ किलोमीटर की दूरी तय की। उत्तर कोरिया का यह परीक्षण अमेरिका और दक्षिण कोरिया के द्वारा क्षेत्र में थाड मिसाइल रोधी प्रणाली लगाने की घोषणा के एक दिन बाद किया गया।
मिसाइल का प्रक्षेपण उत्तर कोरिया ने अपने उत्तर पश्चिम क्षेत्र ह्वानग्जू से स्थानीय समयानुसार पांच बजकर 45 मिनट से छह बजकर 40 मिनट के बीच किया। मिसाइलों ने पांच सौ से छह सौ किलोमीटर की दूरी तय की, जो दक्षिण कोरियाई बंदरगाह शहर बुसान सहित पूरे देश पर हमला करने में सक्षम है।
इस
परीक्षण के बाद दक्षिण कोरिया के प्रधानमंत्री ह्वांग क्यो-ऐह्न ने संसद
में कहा, पिछले कुछ समय से हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा तेजी से बढ़
रहा है। दक्षिण कोरिया की सेना की तरफ से कहा गया है कि उत्तर कोरिया ने एक
बार फिर मिसाइल परीक्षण कर क्षेत्र में उकसावे की कार्रवाई को अंजाम दिया
है।
उत्तर कोरिया के मिसाइल परीक्षण पर अमेरिकी सेना ने कहा है कि उसने
एक घंटे के अंदर उत्तर कोरिया द्वारा किये गये तीन मिसाइल प्रक्षेपण का पता
लगा लिया, जिसमें से संभवत: दो स्कड मिसाइल हैं और एक रोडोंग मिसाइल।
उन्होंने बताया कि उत्तर कोरिया द्वारा प्रक्षेपित मिसाइल से अमेरिका के
उत्तरी इलाकों को कोई खतरा नहीं है। कैलिफोर्निया के मोंटेरी स्थित
मिडिलबरी इंटरनेशनल स्टडीज संस्थान के वरिष्ठ शोधकर्मी मेलिस्सा हनहाम ने
कहा, यह मिसाइल परीक्षण तकनीकी नहीं, बल्कि राजनीतिक है।
उत्तर कोरिया
के सहयोगी माने जाने वाले चीन ने फिलहाल इस परीक्षण पर कोई प्रतिक्रिया
नहीं दी है। जापान सरकार ने एक बयान जारी कर कहा, उत्तर कोरिया का यह
मिसाइल प्रक्षेपण संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का उल्लंघन
है, यह इस क्षेत्र से गुजरने वाले विमानों के लिये बेहद खतरनाक है और हम
पुरजोर तरीके से इसका विरोध करते है।
उत्तर कोरिया ने इससे पहले भी
बैलस्टिक मिसाइल और परमाणु परीक्षण किया था लेकिन वह विफल रहा था। संयुक्त
राष्ट्र ने उत्तर कोरिया पर बैलस्टिक मिसाइल के इस्तेमाल पर रोक लगाने के
साथ-साथ कई तरह के प्रतिबंध भी लगा रखा है।