खेत में घुसी गाय तो महिला को निर्वस्त्र घुमाया और ...

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 18 जुलाई 2016, 2:44 PM (IST)

मालदा। दूसरे के खेत में गाय के घुस जाने पर एक महिला को दर्दनाक सजा दी गई। आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की और फिर निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने महिला की अंगुलियां भी काट डाली। वहीं, बीच बचाव करने आए महिला के बेटे के साथ भी मारपीट की। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मानवता को शर्मसार कर देने यह मामला पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में मुन्नाटोला गांव में सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, सभी आरोपी फरार है। पुलिस के मुताबिक शनिवार की शाम सायेफा बीबी (40) की गाय पड़ोसी हारुन शेख के खेत में चली गई।

हारुन ने खेत से गाय को पकड़ लिया और ले जाकर अपने दरवाजे पर बांध दिया। शाम को गाय नहीं मिलने पर सायेफा बीबी अपने बेटे शेख इकबाल के साथ गाय को खोजने लगी। ग्रामीणों ने हारुन द्वारा गाय बांधे जाने की जानकारी उन्हें दी। दोनों हारुन के घर गए और अपनी गाय वापस मांगी। हारुन ने गाय वापस देने से मना कर दिया। ग्रामीणों ने मामले में हस्तक्षेप किया। हारुन ने फसल नुकसान के लिए मुआवजा मांगा। सायेफा बीबी द्वारा दो दिनों के अंदर मुआवजा दे देने की बात कही गई।

हारुन ने गाय तो वापस कर और दोनों मां बेटे घर वापस आ गए। इसके बाद रात के समय हारुन अपने भाई लालू शेख व दलबल के साथ उसके घर पर मुआवजा मांगने आ धमका। इसे चुकाने के लिए उसने दो दिनों की मोहलत बार-बार मांगी। लेकिन हारुन तुरंत मुआवजा दिए जाने पर अड़ गया। इसके बाद आरोपियों ने महिला को निर्वस्त्र कर दिया और मारपीट की। उसका बेटा इकबाल बचाने गया तो उसके साथ भी मारपीट की गई।

मां-बेटे पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। हमले में सायेफा बीबी के बांए हाथ की दो अंगुली कट गई। शोरगुल सुनकर गांव के लोग मौके पर जुट गए। इस दौरान सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। फिलहाल, मां-बेटे का मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।