केलविन बे। उन्नीस वर्षीय दाएं हाथ के बल्लेबाज एन्यूरिन डोनाल्ड ने रविवार को प्रथम श्रेणी क्रिकेट के सबसे तेज दोहरे शतक के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। डोनाल्ड ने रविवार को स्पेकसेवर्स काउंटी चैंपियनशिप डिविजन टू के चार दिवसीय मुकाबले के पहले दिन डर्बीशायर के खिलाफ ग्लेमोर्गन की ओर से खेलते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
अंग्रेज बल्लेबाज डोनाल्ड ने कुल 136 गेंदों पर 234 रन की पारी खेली,
जिसमें 26 चौके व 15 छक्के शुमार रहे। डोनाल्ड का दोहरा शतक 123 गेंदों पर
ही पूरा हो गया। भारतीय बल्लेबाज रवि शास्त्री ने भी 1985 में 123 गेंदों
पर ही दोहरा शतक ठोका था। डोनाल्ड 100, 150 और 200 के आंकड़े पर छक्कों की
मदद से पहुंचे। उन्होंने दूसरा शतक तो सिर्फ 43 गेंदों में ही उड़ा डाला।
ग्लेमोर्गन
ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 96 ओवर में आठ विकेट पर 481 रन बना लिए
थे। डोनाल्ड ने कहा कि मैं काफी खुश हूं, क्योंकि मेरी पारी की बदौलत टीम
मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। मैं पिछले कुछ समय से फॉर्म हासिल करने के
लिए संघर्ष कर रहा था। मुझे रिकॉर्ड के बारे में कुछ पता नहीं था, लेकिन
ग्लेमोर्गन से ही खेल चुके शास्त्री के रिकॉर्ड की बराबरी करना काफी
संतोषप्रद है।
डोनाल्ड के 15वें व अंतिम छक्के पर वहां से गुजर रही कार
क्षतिग्रस्त हो गई। डोनाल्ड ग्लेमोर्गन के इतिहास में दोहरा शतक जमाने वाले
सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गए। उनसे पहले 24 साल के जॉन होपकिंस ने दोहरा शतक
जमाया था। टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज दोहरे शतक का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के
नाथन एस्टल के नाम है।
एस्टल ने 13 मार्च 2002 से क्राइस्टचर्च में इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हुए टेस्ट की दूसरी पारी में 153 गेंदों पर दोहरा शतक पूरा किया था। तब एस्टल ने कुल 168 गेंदों पर 28 चौकों व 11 छक्कों की मदद से 222 रन बनाए थे। हालांकि 550 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड यह टेस्ट 98 रन से हार गया था।