16वीं लोकसभा में सोनिया, राहुल ने नहीं पूछा एक भी सवाल

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 18 जुलाई 2016, 11:00 AM (IST)

नई दिल्ली। संसद का मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है। 12 अगस्त तक चलने वाले इस सत्र में सरकार को जीएसटी समेत कई अहम बिल पास होने की उम्मीद है। इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर बडा खुलासा हुआ है। एक वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक मौजूदा लोकसभा सत्र में सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने एक भी सवाल नहीं पूछा है। आपको बता दें कि राहुल गांधी यूपी के अमेठी से सांसद है, ऐसे में एक भी सवाल नही पूछना, उनकी कार्यशैली पर सवाल खडा कर रहा है।



इंडिया स्पेंड वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक सोलहवीं यानी मौजूदा लोकसभा में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी मां सोनिया गांधी ने एक भी सवाल नहीं पूछा है। वहीं, सबसे ज्यादा 568 सवाल शरद पवार की बेटी और एनसीपी की सांसद सुप्रिया सुले ने पूछे हैं। राहुल गांधी 2004 से लोकसभा के सदस्य हैं। राहुल गांधी जब पहली बार लोकसभा सदस्य बने थे तो उन्होंने उस दौरान कुछ सवाल पूछे थे, लेकिन 2009 के बाद उन्होंने प्रश्नकाल में सवाल पूछना करीब-करीब बंद कर दिया।

मौजूदा लोकसभा के दो साल गुजर हैं, लेकिन अब तक एक सवाल भी नहीं पूछा है। सबसे ज्यादा सवाल करने वालों में सुप्रिया सुले के बाद एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी दूसरे नंबर हैं। ओवैसी ने मौजूदा लोकसभा  में 418  से पूछे हैं, जबकि बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने 254 पूछे हैं।

वहीं, बीजेपी ने इस मुद्दे पर राहुल को घेरने की कोशिश की। बीजेपी नेता नितिन कोहली का कहना है कि इससे जाहिर होता है कि राहुल गांधी संसद की कार्यवाही और जनता के मुद्दों को कितनी संजीदगी से लेते हैं। इसी बची कांग्रेस ने राहुल गांधी के सवाल नहीं पूछने का बचाव किया है। कांग्रेस नेता अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने संसद के अनेक बहसों में हिस्सा लिया है। संसद में सवाल पूछने के कई नियमावली हैं और राहुल उन माध्यमों से सवाल पूछते हैं।