बासेटेरे (सेंट किट्स)। दाएं हाथ के पूर्व तेज गेंदबाज जोएल गार्नर को भारत के साथ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया है। वेस्टइंडीज बोर्ड ने कहा है कि गार्नर का कार्यकाल तीन साल का होगा। 6 फुट 8 इंच लंबे गार्नर बिग बर्ड के नाम से मशहूर हैं।
इससे पहले भी गार्नर कैरेबियाई टीम के मैनेजर रह चुके हैं। साल 2009 से
2010 के बीच वे मैनेजर थे। इस दौरान एक टी20 विश्व कप खेला गया था। भारत
तथा वेस्टइंडीज के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। पहला टेस्ट
मैच 21 जुलाई से नॉर्थ साउंड में खेला जाएगा।
63 वर्षीय गार्नर ने
वेस्टइंडीज के लिए 1977 से 1987 के बीच 58 टेस्ट तथा 98 एकदिवसीय मैच खेले
हैं। गार्नर ने टेस्ट में 2.47 के इकोनोमी रेट और 20.97 के औसत के साथ 259
और वनडे में 3.09 के इकोनोमी रेट व 18.84 के औसत के साथ 146 विकेट लिए।
वे
1979 में विश्व कप जीतने वाली टीम के सदस्य रहे हैं। एक समय था जब गार्नर,
एंडी रॉबर्ट्स, माइकल होल्डिंग और मैल्कम मार्शल की चौकड़ी बल्लेबाजों में
अपनी खतरनाक गति से खौफ पैदा करती थी। गार्नर पूर्व में वेस्टइंडीज क्रिकेट
बोर्ड के डायरेक्टर, बारबडोस क्रिकेट संघ के अध्यक्ष और वेस्टइंडीज ए टीम
के मैनेजर की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
गार्नर ने नियुक्ति के बाद कहा कि मैंने हमेशा ही वेस्टइंडीज क्रिकेट को सकारात्मक जवाब दिया है। वेस्टइंडीज क्रिकेट में कोई भी योगदान देना बड़े सम्मान की बात है। मैं फिर से टीम के साथ जुड़कर खुश हूं और अब अपना ज्ञान और अनुभव बांटने को लेकर उत्साहित हूं। साथ ही वेस्टइंडीज क्रिकेट का राजदूत होना भी अद्भुत खुशी देता है।