विजेंदर के मैच में राहुल,लगे मोदी के नारे

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 17 जुलाई 2016, 10:37 AM (IST)

नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार शाम भारतीय बॉक्सर विजेंदर सिंह और ऑस्ट्रेलिया के कैरी होप के बीच हो रहे मुकाबले को देखने दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम पहुंचे। स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था, फिल्मी हस्तियों से लेकर राजनीति जगत के दिग्गज यहां मौजूद थे। तभी अचानक यहां कुछ ऐसा हुआ कि राहुल गांधी चौंक गए।

दरअसल, राहुल गांधी के स्टेडियम पहुंचते ही दर्शक मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे। 46 वर्षीय राहुल के साथ इंडियन प्रीमियम लीग के चेयरमैन राजीव शुक्ला के साथ बैठे।

मैच खत्म होने के बाद जब शुक्ला मैदान से बाहर निकले तो उन्हें भी इसी तरह के अनुभव का सामना करना पड़ा। हालांकि, राहुल ने दर्शकों के इस व्यवहार पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और मैच खत्म होने के बाद मुस्कुराते हुए चले गए।

आपको बता दें कि शनिवार शाम दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में खेले इस मुकाबले में विजेंदर ने होप को हराकर खिताब अपने नाम किया।

इस मुकाबले को देखने के लिए ओलिंपिक पदक विजेता बॉक्सर मैरी कॉम, योगेश्वर दत्त के अलावा क्रिकेटर युवराज सिंह, वीरेंद्र सहवाग, सुरेश रैना और ऐक्टर रणदीप हुड्डा भी मौजूद थे।