रियो ओलंपिक में हिस्सा लेने को तैयार है ये दिग्गज

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 16 जुलाई 2016, 6:42 PM (IST)

रियो डी जेनेरियो। विश्व के पूर्व नम्बर-1 टेनिस स्टार स्पेन के राफेल नडाल ने रियो ओलम्पिक में हिस्सा लेने की पुष्टि कर दी है। अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ ने कहा है कि नडाल कलाई की चोट से उबर गए हैं और अब उनका नाम ओलम्पिक के लिए ड्रा में शामिल किया गया है। 14 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता नडाल ने मई में फ्रेंच ओपन में हिस्सा लिया था, तब से लेकर अब तक वे टेनिस से दूर हैं।

नडाल ने बीजिंग में आयोजित 2008 ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीता था लेकिन वह चार साल बाद टखने की चोट के कारण लंदन ओलम्पिक में हिस्सा नहीं ले सके थे। रियो में पुरुष वर्ग में शीर्ष 15 में से 13 और महिला वर्ग में शीर्ष-20 में से 18 खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। एकल वर्ग में रियो में कुल 64 खिलाड़ी ड्रॉ में शामिल किए गए हैं जबकि युगल में 32 खिलाड़ी हैं।

स्पेन की ओलम्पिक में पदक की उम्मीद को झटका

मेड्रिड। स्पेन की ओलम्पिक में स्वर्ण पदक की उम्मीदों को झटका लगा है। ट्रायथलोन खिलाड़ी जाविएर गोमेज नोया ने चोट के कारण अगले महीने होने वाले रियो ओलम्पिक में से अपना नाम वापस ले लिया है। उनके बाएं हाथ की हड्डी में फ्रेक्चर है जिसके कारण वे ओलम्पिक में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक पांच बार के विश्व चैम्पियन और लंदन ओलम्पिक-2012 में रजत पदक हासिल करने वाले नोया को साइकिल से गिरने के बाद चोट लग गई थी। एक्स-रे से उनकी चोट की पुष्टि हुई है। चोट को ठीक करने के लिए उन्हें अपने हाथ का ऑपरेशन करवाना होगा जिससे उबरने में उन्हें समय लगेगा।

स्पेन के मीडिया के अनुसार नोया ने कहा कि यह समझना मुश्किल है कि कैसे मेरे सारे प्रयास, मेहनत और ओलम्पिक खेलों में मुझसे जुड़ी उम्मीदें सब धराशायी हो गईं, लेकिन मेरे पास इसे मंजूर करने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है। उनकी गैरमौजूदगी का मतलब है कि ब्रिटेन के ब्राउनली भाइयों, एलेस्टर और जॉनी रियो में स्वर्ण पदक के प्रबल दावेदार होंगे। दोनों भाइयों ने चार साल पहले घरेलू सरजमीं पर स्वर्ण और कांस्य पदक जीता था।

(IANS)