अरुण-जोशी की जोड़ी क्या राजस्थान में भी “कमाल” खिलाएगी
विधानसभा
चुनाव लगभग सिर पर हैं। राजनीतिक दलों ने बिसात बिछा दी है। भाजपा ने
राजस्थान की चुनावी कमान एक तरह से प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह और सांसद
प्रहलाद जोशी को सौंपी है। यह वही जोड़ी है जिसने कर्नाटक में “कमाल”
खिलाया था। भाजपा में चर्चा है कि यह जोड़ी राजस्थान में भी वैसा ही “कमाल”
खिलाएगी। क्योंकि मरुधरा में कमल खिलाने के लिए तो वसुंधरा का नेतृत्व
सबसे ज्यादा अहम है। क्योंकि हाल हुए एक सर्वे में वे बतौर मुख्यमंत्री
सर्वाधिक पसंद की गई हैं। लेकिन, वसु मैडम को चुनावी बागडोर मिलना तब तक
मुश्किल लग रहा है जब तक कि राजपथ पर संघ वाले भाई साहब प्रकाश नहीं
फैलाएंगे। हालांकि दावा किया जा रहा है कि राजपथ को प्रकाशमान करवाने के
लिए मैडम संघ वाले भाई साहब से एक मुलाकात कर चुकी हैं। लेकिन, अभी शायद
पुरानी खटास दूर नहीं हुई है। इसलिए अरुण-जोशी की जोड़ी पर मरुधरा में
“कमाल” खिलाने का दारोमदार ज्यादा रहेगा।
आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का कमाल
संसद
में अविश्वास प्रस्ताव पर हुई बहस के दौरान दोनों तरफ से खूब चौके-छक्के
लगाए गए। प्रधानमंत्री मोदी जी ने लच्छेदार भाषण से तो समां ही बांध दिया।
वो भी ऐसा कि भाजपा वाले अब तक उससे बाहर नहीं निकल पाए हैं। लेकिन, मोदी
जी के भाषण के एक खास बात पर बहुत ही कम लोगों ने ध्यान दिया। वह है उनकी
ओर से सदन में रखे गए आंकड़े। उन्होंने बताया कि स्वच्छता मिशन से 4 लाख और
स्वच्छ जल से 3 लाख लोगों का जीवन बचाया गया है। अब विपक्ष भले यह सवाल
उठाए कि 150 करोड़ में से सिर्फ 7 लाख का ही जीवन बचा। जहां तक स्वच्छ जल
की बात है तो भरत के शहरों में अधिकांश आबादी अब आरओ वाटर और मिनरल वाटर का
उपयोग करती है। शादी समारोह से लेकर तमाम फंक्शन, मॉल सिनेमा से लेकर
रेस्टोरेंट तक मिनरल वाटर का यूज होता है। इसका इतना असर तो आएगा ही।
लेकिन, मोदी जी की आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस को कौन चुनौती दे सकता है। हो
सकता है कि आने वाले दिनों में देश की कुल आबादी और सबसे बड़े राजनीतिक दल
के कार्यकर्ताओं अथवा उससे जुड़े लोगों की संख्या डालकर आर्टिफिशियल
इंटेलीजेंस से जीती हुई पार्टी का रिजल्ट भी निकलने लगे। अगर ऐसा हुआ तो
चुनाव में होने वाला करोड़ों-अरबों रुपए का खर्च बच जाएगा। फिर भारत को
सोने की चिड़िया बनने से कोई नहीं रोक सकता।
आखिरकार मुखिया जी ने दी सुना दी खरी-खरी
राजस्थान
कांग्रेस के वार रुम में पॉलिटिकल अफेयर समिति की बैठक में मुखिया जी
अचानक कई कांग्रेसी मंत्रियों और नेताओं पर बिफर पड़े। एक-एक करके उन्होंने
बड़बोले कांग्रेस नेताओं और मंत्रियों को बता दिया कि शेर भले ही बूढ़ा हो
गया हो। लेकिन, दहाड़ कम नहीं हुई है। मुखिया जी पर अभी भी पार्टी आलाकमान
का भरोसा बना हुआ है। इसलिए एक बड़बोले मंत्री को मुखिया जी ने कह दिया कि
आप तो बोलते-बोलते ट्रैक से उतर जाते हैं। दूसरे बड़बोले पूर्व मंत्री और
नेता को कहा कि आप तो बड़े बहुत नेता हो गए हैं, सीधे ही राहुल गांधी से
मिलते हैं। इसी तरह आरक्षण का सुझाव देने वाले कांग्रेस नेता को कहा कि
पहले आप खुद की सीट तो जीत लें। मीटिंग में एक अन्य नेता से कहा कि आप तो
तीन चुनाव हार चुके हैं। फिर भी आपको राज्यसभा भेजा। अब अपने परिवार वालों
के लिए टिकट मांग रहे हो। शर्म नहीं आती। इस तरह के तेवर देखकर प्रदेश
प्रभारी, और पूर्व डिप्टी सीएम समेत अन्य कांग्रेसी नेता चुप ही रहे। सोचा
कि कुछ बोले तो अपना भी नंबर आ जाएगा। इसके बाद मुखिया जी ने प्रेस
ब्रीफिंग करके टिकट देने का वक्त भी बता दिया। मिशन 156 को लेकर चुनावी
रणनीति भी बता दी। बाद में प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष को भी रटा-रटाया
पुराना बयान ही देना पड़ा।
घर-घर में झगड़ा कराने की स्मार्ट योजना
लंबे
इंतजार के बाद आखिर वह घड़ी आ ही गई जब मुफ्त के मोबाइल फोन का सरकारी
वितरण शुरू हो गया। लेकिन, फोन मिलने से जितनी महिलाएं और लड़कियां खुश
हुईं, उनसे ज्यादा में नाराजगी भी है। क्योंकि इसके लिए पात्र सभी महिलाओं
औऱ बालिकाओं को फोन के लिए मैसेज ही नहीं मिला। पड़ताल की तो पता चला कि
पहले चरण में कांग्रेसी विधायकों, जिलाध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों की लिस्ट
वाली छात्राओं और महिलाओं को ही मैसेज भेजे जा रहे है। जबकि प्रचार-प्रसार
ऐसे हुआ था कि शिविर में हर पात्र महिला को तत्काल मोबाइल मिल जाएगा।
लेकिन, अब इसमें कई पेंच सामने आ रहे है। जैसे सिर्फ सरकारी स्कूल की
छात्राओं को ही मोबाइल मिलेगा। प्राइवेट स्कूल वाली छात्राएं असमंजस में
हैं। परिवार में सिर्फ एक महिला मुखिया को फोन मिलेगा। इसलिए संयुक्त
परिवार में देवरानी-जिठानी, सास-ननद की सरकार से नाराजगी (झगड़ा) वाजिब ही
है। क्योंकि परिवार में आजकल हर सदस्य को पर्सनल फोन चाहिए। अब यह तो चुनाव
का परिणाम ही बताएगा कि मुखिया की सरकार मोबाइल होगी या टिकी रहेगी।
क्योंकि भामाशाह योजना में भी फोन बांटने के बाद तत्कालीन सरकार मोबाइल हो
गई थी।
आखिर मुखिया जी को मोदी-शाह से क्यों लगता है डर
प्रदेश
के मुखिया जी दिन-रात राजनीति करते हैं। कहते हैं उनके मन की बात कोई नहीं
जान सकता। क्योंकि वे एक हाथ को दूसरे हाथ की बात पता ही नहीं चलने देते
हैं। मुखिया जी तीसरी बार सत्ता में आए हैं। लेकिन, इस बार मोदी-शाह का खौफ
कुछ ज्यादा ही है। पिछले साढ़े चार साल में मुखिया जी का कोई सा भी बयान या
जनसभा का भाषण देख लीजिए। हर बयान और भाषण में मोदी एवं शाह जिक्र जरूर
आया होगा। क्योंकि मोदी-शाह पर आरोप लगाए बिना मुखिया जी अपना बयान और भाषण
अधूरा मानते हैं। सरकार गिरने का डर पिछले साढ़े चार साल से सता रहा है।
मुखिया जी एक बार तो सरकार गिराने के प्रयास को फेल भी कर चुके हैं। लेकिन,
अब चुनाव का वक्त है, इसलिए मुखिया जी निश्चिंत हैं। क्योंकि आखिर
जैसे-तैसे तीसरा कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। इस कार्यकाल में वे अपनी
योजनाओं को लेकर भी आत्ममुग्ध है। पूरे देश में लागू करवाने का बयान भी
देते हैं। छवि चमकाने वाली कंपनियां भी नंबर मुख्यमंत्री बनाने में जुटी
हैं। लेकिन, विश्लेषक कहते हैं कि राजस्थान के ग्राउंड से अभी वो साउंड
नहीं आ रही है, जैसी कि हरियाणा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा की आ रही है।
हरियाणा में लोग कहने लगे हैं कि अबकी बार तो हुड्डा ही सरकार बनाएगा।
-खास खबरी
(नोटः इस कॉलम में हर सप्ताह खबरों के अंदर की खबर, शासन-प्रशासन की खास चर्चाएं प्रकाशित की जाती हैं)
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे