छेडखानी पर खुदकुशी,IPSबनना चाहती थी

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 16 जुलाई 2016, 10:13 AM (IST)

चड़ीगढ़। आईपीएस बनने की चाहत रखने वाली युवती ने मनचलों की हरकतों से तंग आकर खुदकुशी कर ली। सुसाइड का यह मामला हरियाणा स्थित पिंजौर के गवाही गांव का है, गुरुवार को छत से फंदे से लटकी हुई अनुराधा की लाश मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस के मुताबिक 24 साल की अनुराधा आईपीएस बनना चाहती थी। अपने ख्वाबों को पूरा करने के लिए वह जी-तोड़ मेहनत करती थी।

आईपीएस की तैयारी करने के लिए अनुराधा ने कोचिंग में दाखिला लिया था। वह रोज ऑटो से शहर के कोचिंग इंस्टिट्यूट जाती थी। भवाना का ऑटो चालक उसे कोचिंग पहुंचाता था। इसी दौरान दोनों की दोस्ती हो गई थी। लेकिन बाद में ऑटो चालक  ने अनुराधा पर शादी करने का दबाव डालना शुरू कर दिया।

यही नहीं, वह अपने कुछ साथियों के साथ अनुराधा को बदनाम करने लगा। रास्ते में वह अनुराधा के साथ बदतमीजियां करने लगा। मामला इतना बढ़ गया कि अनुराधा का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया। इसके बाद उसने मौत को गले लगा लिया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।