जाकिर नाइक के NGO का 10 साल का रिटर्न खंगाल रहा  IT विभाग

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 15 जुलाई 2016, 5:32 PM (IST)

नई दिल्ली। मुस्लिम धर्म प्रचारक और इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन एनजीओ के मुखिया जाकिर नाइक पर सरकार और सख्त हो गई है। गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक नाइक के एनजीओ में विदेशी फंड को लेकर हो रही जांच का दायरा सरकार ने बढ़ा दिया है।

गृह मंत्रालय ने जाकिर नाइक से जुड़ी कंपनियों और उनके आयकर रिटर्न की पूरी जानकारी इकट्ठी करने के लिए कहा है। इसके बाद उनके एनजीओ की पिछले 10 सालों में इनकम टैक्स रिटर्न की जानकारी इकट्ठी की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि अभी तक की जानकारी के मुताबिक जाकिर नाइक के एनजीओ को करीब 80 लाख पाउंड का चंदा मिला है, जिसमें से भी एक बड़ा हिस्सा पीस टीवी के खाते में ट्रांसफर किया गया है। जाकिर नाइक के विदेश में होने की वजह से जांच एजेंसियों को मामले से जुड़ी सारी जानकारियां नहीं मिल पा रही हैं।

गौरतलब है कि हाल में ढाका में हुए आतंकी हमले के बाद से जाकिर नाइक विवादों में हैं। ढाका के हमलावरों के जाकिर नाइक से प्रभावित होने की बात सामने आई थी। जाकिर नाइक ने हालांकि, सभी आरोपों को कारिज किया है। विवाद के बीच, सरकार ने केबल ऑपरेटरों से जाकिर नाइक के चैनल ‘पीस टीवी’ का प्रसारण रोकने को कहा था।