डीएलएड परीक्षा के प्रवेश-पत्र शुक्रवार से ऑनलाइन उपलब्ध होंगे

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 20 जुलाई 2023, 7:43 PM (IST)

भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा डीएलएड प्रवेश वर्ष 2020, 2021, 2022 की प्रथम वर्ष नियमित व रि-अपीयर एवं प्रवेश वर्ष 2020, 2021 की द्वितीय वर्ष नियमित व रि-अपीयर तथा प्रवेश वर्ष-2016-2018, 2017-2019, 2018-2020 व 2019-2021 की प्रथम व द्वितीय वर्ष की मर्सी चांस की परीक्षाओं के पात्र छात्र-अध्यापकों के प्रवेश-पत्र (एडमिट कार्ड) संस्था की लॉग-इन आई.डी पर शुक्रवार से उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
सभी सम्बन्धित संस्था/कॉलेज के प्राचार्य/मुखिया सभी छात्र-अध्यापकों के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित संस्था अपना यूजर आईडी पासवर्ड प्रयोग कर डाउनलोड कर सकते हैं। सम्बन्धित छात्र-अध्यापक अपने प्रवेश-पत्र बारे संस्था से संपर्क करें।
बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि डीएलएड परीक्षाओं का संचालन 27 जुलाई से 23 अगस्त, 2023 तक करवाया जाएगा। परीक्षा का समय दोपहर 2:00 बजे से 5:00 बजे तक रहेगा। प्रदेशभर में 73 परीक्षा केन्द्रों पर 32,840 छात्र-अध्यापक परीक्षा देंगे। इन परीक्षाओं में 16,825 छात्राएं एवं 16,015 छात्र शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि छात्र-अध्यापक प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) पर दर्शाए गए महत्वपूर्ण निर्देशों को ध्यान से पढक़र/समझकर उनकी पालना करना सुनिश्चित करें।
संस्था के मुखिया व छात्र-अध्यापक इस बारे विशेष ध्यान रखें कि प्रवेश-पत्र का रंगीन प्रिंट ए-4 साइज पेपर पर फोटो के साथ लिया जाना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि छात्र-अध्यापक परीक्षा आरम्भ होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें। परीक्षा केन्द्र में इलेक्ट्रॉनिक सामान जैसे मोबाईल, कैलकुलेटर आदि का प्रयोग वर्जित होगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे