मॉडल दिव्या,उसकी मां सोनिया अरेस्ट

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 15 जुलाई 2016, 09:55 AM (IST)

मुंबई। संदीप गडोली फर्जी एनकाउंटर की गुत्थी सुलझती नजर आ रही है। एसआईटी ने संदीप की गर्लफ्रेंड और मॉडल दिव्या पाहूजा व उसकी मां सोनिया को गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई क्राइम ब्रांच चीफ संजय सक्सेना ने कहा कि दोनों को गुरुवार को गुडग़ांव से पकड़ा गया। उन्हें शुक्रवार को मुंबई के किला कोर्ट में पेश किया जाएगा। दिव्या 7 फरवरी को संदीप के साथ अंधेरी के होटेल के उस कमरा नंबर 107 में थी, जहां यह फर्जी एनकाउंटर हुआ था। दिव्या अपने साथ संदीप व तीन अन्य लोगों को लेकर 5 फरवरी को गुडग़ांव से निकली थी और जयपुर के रास्ते 6 फरवरी को रात अंधेरी पहुंची थी। आरोप है कि रास्ते भर दिव्या अपने मोबाइल से अपनी मां सोनिया को संदीप का लोकेशन बताती रही।

मां एक गैंगस्टर के भाई मनोज को इस लोकेशन की जानकारी दे रही थी और मनोज से गुडग़ांव पुलिस को संदीप का पल-पल का लोकेशन मिलता रहा। इसी में संदीप 7 फरवरी की सुबह फर्जी मुठभेड़ में मारा गया। दिव्या का एसआईटी सीआरपीसी के सेक्शन 164 के तहत पहले ही मजिस्ट्रेट के सामने बयान ले चुकी है। माना जा रहा है कि तीन महीने बाद चार्जशीट दाखिल करने के बाद उसे इस केस में अप्रूवर बनाया जाएगा। मनोज को अभी पकड़ा नहीं गया है।

दिव्या और सोनिया से पहले मुंबई एसआईटी गुडग़ांव के तीन पुलिस कर्मियों प्रद्युम्न यादव, विक्रम सिंह और जितेंद्र यादव को भी गिरफ्तार कर चुकी है, पर इस केस में दो पुलिस कर्मी परमजीत और दीपक काकरण अभी भी फरार हैं।

अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि जिन पुलिसकर्मियों ने संदीप पर गोलियां चलाईं, उनमें से एक परमजीत भी था। गिरफ्तार आरोपियों में प्रद्युम्न यादव 16 जुलाई तक, जबकि विक्रम सिंह और जितेंद्र यादव 20 जुलाई तक एसआईटी कस्टडी में है।

एनकाउंटर के बाद गुडग़ांव पुलिस ने दावा किया था कि संदीप गडोली ने उन पर पांच राउंड गोलियां चलाईं, जवाब में पुलिस ने भी संदीप पर इतनी ही गोलियां चलाईं थीं, पर होटेल का ऑडियो गोलियों का कुछ अलग ही सच सामने आया है।

फिलहाल, एनआईटी जांच में जुटीं हुई है।