सीएम गहलोत का सरकारी कॉन्टेस्टः
महंगाई
के दौर में सरकारी योजनाओं का लाभ भले ही गर्म तवे पर पानी की बूंद जैसा
साबित हो रहा हो। सीएम अशोक गहलोत का सरकारी स्कीम कॉन्टेस्ट इन दिनों
चर्चा में है। ठीक वैसे ही जैसे करीब ढाई दशक पहले अखबारों ने राजस्थान में
पैर जमाने के लिए कुर्सी, बाल्टी, टी-शर्ट और चाय-चीनी की स्कीम शुरू की
थी। फिर डिस्काउंट कूपन भी जारी किए। उनका यह फार्मूला कामयाब भी हो गया।
उसी फार्मूले को अब गहलोत ने काम लिया है। वीडियो विज्ञापन, रील औऱ क्विज
आदि माध्यमों से इसका प्रचार-प्रसार भी वैसे ही किया जा रहा है। क्योंकि
सरकारी स्कीमों से लोगों को जोड़ने के लिए रोजाना 1 लाख, 50 हजार, 25 हजार
औऱ 1000 रुपए के पुरस्कार रखे गए हैं। पार्टी के एक धड़े का कहना है कि
साढ़े चार साल में वादे के मुताबिक बेरोजगारों को रोजगार भले ही ना मिल हो।
लेकिन, इनामी योजनाओं से कुछ राहत जरूर मिलेगी। लेकिन, डर ये है कि इस
फार्मूले को चुनाव में कहीं वोटर यूज ना कर लें। गांव-मौहल्लों में बैनर लग
जाएं कि सड़क बनवाओ और वोट ले जाओ अथवा नौकरी दिलाओ औऱ वोट ले जाओ।
महिलाओं के प्रदर्शन से भाजपाई पुरुष परेशानः
जयपुर
की राजकुमारी ने पहली बार महलों से निकलकर राजधानी में सड़कों पर प्रदर्शन
किया। वह भी महिलाओं के हकों को लेकर। उनके हकों के लिए न केवल गिरफ्तार
हुईं। बल्कि चोटिल भी हुईं। इतना ही नहीं उनकी खुद की आवाज भले ही पतली हो।
लेकिन, थालियां बजाकर सचिवालय की चारदीवारी में बैठी सरकार को जगाने की
कोशिश भी की। उनके इस प्रदर्शन से सरकार परेशान भले ही ना हुई हो। लेकिन,
भाजपाई पुरुष जरूर परेशान दिख रहे हैं। क्योकि जिस तरह से राजकुमारी को
रीजनल मीडिया में कवरेज मिला और दिनभर छाई रहीं। उससे कई भाजपा नेताओं को
आशंका हो गई है कहीं वे उन्हें मुख्य धारा में आने से ना रोक दें। वैसे
अंदरखाने कुछ लोग यह बात भी चला रहे हैं कि अगर पार्टी सत्ता में आई तो
प्रदेश की कमान राजकुमारी को सौंपी जा सकती है। क्योंकि उनमें राज करने के
पैतृक गुण तो हैं ही। उन्हें राजधानी समेत प्रदेश के असली बड़े मुद्दे भी
पता हैं।
अफसरों के अरमानों पर फिरा पानीः
राजस्थान
ब्यूरोक्रेसी की मुखिया को 6 महीने का सेवा विस्तार मिल गया है। इससे कई
आईएएस अफसरों के अरमानों पर पानी फिर गया। खासकर उन अफसरों के जो
ब्यूरोक्रेसी की कमान संभालने का सपना संजोए बैठे थे। वे अफसर भी परेशान
दिख रहे हैं जो सोचते थे कि 30 जून के बाद कुछ महीने तो मीटिंगों से मुक्ति
मिलेगी। लेकिन, उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाली ब्यूरोक्रेसी की मुखिया
से सरकार ने कहा कि कुछ दिन और गुजारो राजस्थान में। इधऱ, ब्यूरोक्रेसी की
मुखिया के सेवा विस्तार को लेकर खबरिया तंत्र भी फेल साबित हो गया। किसी
को भनक भी नहीं लगी कि सरकार ब्यूरोक्रेसी की मुखिया को सेवा विस्तार देने
जा रही है। फाइल कई हाथों से गुजरते हुए दिल्ली से अनुमोदित होकर भी आ गई।
इधऱ, सेवा विस्तार मिलने के बाद मैडम ज्यादा फॉर्म में हैं। लेकिन, अफसर भी
कम नहीं हैं कि मैडम की मीटिंग के नाम पर अपने दफ्तर से ऐसे गायब होते हैं
कि फरियादी इंतजार करके सरकार को कोसते हुए लौट जाते हैं।
सबसे बड़ा सवाल, आखिर पायलट को मिला क्याः
राजस्थान
की राजनीति में इन दिनों कौन बनेगा करोडपति की तर्ज पर सबसे बड़ा सवाल
गूंज रहा है कि आलाकमान के साथ चुनावी बैठक के बाद आखिर युवा नेता सचिन
पायलट को मिला क्या? इसका जवाब कोई नहीं दे पा रहा है। ना तो पायलट समर्थक
नेता-पत्रकार और ना ही खुद पायलट। क्योंकि पायलट की मुस्कुराते हुए फोटो के
साथ दिल्ली से पुराना रटा-रटाया बयान दोहराया गया कि मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
जबकि राजस्थान में असल मुद्दा ही यह है कि नेता आपस में मिलकर पार्टी के
लिए काम करना ही नहीं चाहते। वे तो बस अपने और अपनों के लिए तवज्जो चाहते
हैं। उधर, पायलट समर्थक और प्रदेश के बेरोजगार पायलट को उन छालों की कसम
याद दिला रहे हैं जो उनके साथ जन संघर्ष यात्रा के दौरान उनके पैरों में
पड़े थे। तब पायलट साहब ने कसम खाई थी कि वे अब चुप नहीं बैठेंगे। आखिर,
आलाकमान ने ऐसी भी क्या घुट्टी पिला दी जो शेर जैसी दहाड़ एकदम शांत हो गई।
कुछ भी हो। लेकिन, पायलट के इस कदम से वे खबरची ज्यादा परेशान हैं जो
पायलट को सीएम बनाने के लिए रात-दिन गला फाड़ रहे थे और गहलोत को डाउन करने
का कोई मौका नहीं चूक रहे थे।
विरोधी ध्यान दें…अभी तो सफर का इरादा किया
न
पूछो मेरी मंजिल कहाँ है, अभी तो सफर का इरादा किया है। ना हारूंगा हौसला
उम्र भर, ये मैंने किसी से नहीं खुद से वादा किया है। जी हां मुखिया जी ने
अपनी मीडिया ब्रॉडिंग कंपनी से एक वीडियो संदेश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और
मीडिया कर्मियों को भेजकर अपनी मंशा जाहिर कर दी है। इसी के साथ विरोधियों
को भी स्पष्ट संदेश दे दिया है कि पहले तो उनका इरादा 5 साल पूरे करने का
ही था। लेकिन, अब इच्छा और बढ़ गई है। अब वे ताजिंदगी ऐसे ही जन सेवा करना
चाहते हैं। इसलिए कोई भी विरोधी प्रदेश का मुखिया बनने का ख्वाब ना पाले।
सिर्फ अपनी रगड़ाई करवाता रहे। गहलोत के आलोचक और समालोचक भी मान रहे है कि
मुखिया जी के हौसले बुलंद हैं। क्योंकि आलाकमान उन्हीं के साथ है। खिलाफ
होने जितनी ताकत आलाकमान के पास भी नहीं है। इसलिए विरोधी गुट यह ना सोचे
की कोई खुशखबरी आने वाली है या कोई आमूलचूल परिवर्तन होने वाला है। इसीलिए
इस शायरी के बाद मुखिया जी के विरोधी खेमेबाज पत्रकार, राजनीतिक पंडित और
पायलट गुट समर्थक चुप हो गए हैं। अब उन्हें इंतजार चुनावों का है।
-खास खबरी
(नोटः इस कॉलम में हर सप्ताह खबरों के अंदर की खबर, शासन-प्रशासन की खास चर्चाएं प्रकाशित की जाती हैं)
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे