प्रत्येक उपखंड स्तर पर लगेंगे गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर, शुरुआत फलोदी से

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 04 जुलाई 2023, 07:50 AM (IST)

जोधपुर। शांति एवं अहिंसा विभाग के निर्देशानुसार 4 से 15 जुलाई तक जिले के सभी उपखण्ड मुख्यालयों पर एक दिवसीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसकी शुरुआत मंगलवार को फलोदी से होगी। इसी सिलसिले में शांति एवं अहिंसा विभाग के जिला सह संयोजक शिवकरण सैनी ने जिले के सभी उपखंड स्तरीय संयोजकों व सह-संयोजकों के साथ बैठक कर सभी शिविरों की तैयारियों के संबंध में चर्चा की।
शांति एवं अहिंसा विभाग के जिला सह संयोजक शिवकरण सैनी ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की प्रेरणा से देश में राजस्थान पहला राज्य है, जहां शांति एवं अहिंसा विभाग का गठन किया गया है। इसका उद्देश्य आमजन को महात्मा गांधी के जीवन दर्शन को अवगत कराने के साथ-साथ राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं महात्मा गांधी के शांति एवं सद्भाव के संदेशों को घर-घर तक पहुंचाना है।
राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक गांव, ग्राम पंचायत एवं शहरी क्षेत्र में वार्ड स्तर पर महात्मा गांधी पुस्तकालय साहित्य केंद्र एवं संविधान निर्माण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। जिनके संचालन के लिए प्रदेश में 50 हजार महात्मा गांधी सेवा प्रेरकों की नियुक्ति भी की जा रही है और इनका चयन उपखंड एवं जिला स्तर पर गठित समितियों द्वारा किया जाएगा।
सैनी ने बताया कि महात्मा गांधी सेवा प्रेरकों के चयन में शांति एवं अहिंसा विभाग द्वारा आयोजित किए जाने वाले प्रशिक्षण में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को वरीयता दी जाएगी। इसी कड़ी में शांति एवं अहिंसा विभाग के निर्देशानुसार जिले में सभी उपखण्ड मुख्यालयों पर भी गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसकी शुरुआत मंगलवार को फलोदी उपखण्ड मुख्यालय पर होने वाले प्रथम शिविर से होगी। आगामी 15 जुलाई तक जिले के सभी उपखण्ड इलाकों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों में भाग लेने के लिए राज्य सरकार द्वारा नियुक्त उपखंड स्तरीय समिति के संयोजकों व सह संयोजकों से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इन शिविरों में गांधी दर्शन यात्रा का आयोजन होगा और गांधी दर्शन पर आधारित वक्तव्य, राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी एवं गांधी भजन संध्या आदि कार्यक्रम होंगे।
उपखंड स्तरीय शिविर में उपखंड के प्रत्येक ग्राम व शहरी वार्डों से प्रशिक्षणार्थियों का जिला स्तरीय शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ एवं उपखण्ड स्तरीय शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ के माध्यम से चयन कर लगभग 300 प्रशिक्षणार्थियों को गांधी दर्शन विषय पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
गांधी दर्शन समिति अहिंसा प्रकोष्ठ फलोदी के उपखंड स्तरीय समिति के संयोजक रावलचंद माली एवं सह संयोजक निरमा मेघवाल ने बताया कि शांति एवं अहिंसा विभाग द्वारा आयोजित उपखंड स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शांति एवं अहिंसा विभाग के निदेशक मनीष कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रुप में भाग लेंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे